बिहार के सिवान में प्रदर्शनकारी छात्रों पर AK-47 से हुई फायरिंग का मामला तूल पकड़ रहा है. विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बाद अब राहुल गांधी ने भी फायरिंग पर सवाल उठाए हैं. हालांकि, पुलिस हेडक्वार्टर के निर्देश पर आरोपी जवान को निलंबित कर दिया गया है. पुलिस के मुताबिक, 6 से 8 राउंड फायरिंग की गई थी. इसमें लॉन्ग रेंज रायफल के अलावा पिस्टल से भी फायरिंग की गई. इस फायरिंग में प्रदर्शनकारी छात्र भी घायल हुए थे, जिस पर विपक्षी दल सवाल खड़े कर रहे हैं.
दरअसल, 22 जुलाई को पटना में प्रदर्शन के बाद प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी के विरोध में AISA ने 25 जुलाई को 'बिहार बंद' का ऐलान किया था. इसके अलावा, सिवान में स्थानीय नेताओं ने गांधी मैदान में शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित किया था. इस दौरान विपक्षी दलों के नेता और कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए थे. पुलिस के मुताबिक, 25 जुलाई को प्रदर्शन के लिए सिर्फ गांधी मैदान में इकट्ठा होने की अनुमति थी, लेकिन प्रदर्शनकारी कई जगहों पर सड़क जाम कर रहे थे. गांधी मैदान से निकलने के बाद प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतरे.
ये भी पढ़ें: छात्रों के खिलाफ दिल्ली में पैलेट गन, बिहार में AK 47 का इस्तेमाल, विपक्ष का बड़ा बवाल
प्रदर्शनकारी गांधी मैदान, जेपी चौक, गोपालगंज मोड़, सिवान कचहरी सहित कई जगहों पर इकट्ठा हो गए. पुलिस प्रदर्शनकारी छात्रों से हटने की अपील कर रही थी. प्रदर्शनकारी छात्र हटने को तैयार नहीं थे. इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारी छात्रों में झड़प हुई. पुलिस ने लाठीचार्ज किया, आंसू गैस के गोले छोड़े. इसके बाद पुलिस ने फायरिंग भी की. फायरिंग में 3 लोगों- बुलेट कुमार, आकाश और आरिफ को गोली लगी है. बुलेट कुमार ने बताया, "मैं अपने गांव से सिवान आया था. यहां अपने दोस्त के साथ जाति, आय और निवास प्रमाण पत्र बनाने डीएम ऑफिस जा रहा था. तभी वहां गोली चली. यह गोली मेरे पैर के आर-पार हो गई."
पुलिस ने कहा, "हमारी गोली से एक घायल"
सिवान एसपी पूरण झा का कहना है, "बुलेट कुमार को पुलिस फायरिंग के दौरान पैर में गोली लगी है, बाकी जिन दो लोगों को गोली लगी है, उसकी जांच की जाएगी. क्योंकि आकाश और आरिफ को जहां गोली लगी है, वहां पुलिस बल की तैनाती नहीं थी. तीनों घायलों का पटना में इलाज चल रहा है. फिलहाल उनकी हालत में सुधार है."
ये भी पढ़ें: पटना, छपरा, सीवान से औरंगाबाद तक बिहार पुलिस का एक्शन, ताबड़तोड़ गिरफ्तारी, सोशल मीडिया पर फोटो जारी
AK-47 से फायरिंग करने वाला जवान निलंबित
सिवान में प्रदर्शनकारी छात्रों पर एक-47 से फायरिंग करने वाले पुलिस जवान को निलंबित कर दिया गया है. पुलिस मुख्यालय से मिले निर्देश के बाद जवान को निलंबित किया गया है. 25 जुलाई को प्रदर्शन के दौरान एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक जवान AK-47 से फायरिंग करता हुआ नजर आया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं