Bihar News: बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद अवैध शराब के मामलों पर पूरी तरह रोक नहीं लग पा रही है. ताजा मामला समस्तीपुर जिले के हलई थाना क्षेत्र स्थित बाबा केवल धाम में आयोजित दो दिवसीय राजकीय मेले से सामने आया है. यहां रात के समय कथित तौर पर खुलेआम शराब बेचे जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
टेबल पर सजी बोतलें और ग्लास
वायरल वीडियो में तीन अलग-अलग ब्रांड की विदेशी शराब की बोतलें टेबल पर खुली रखी दिखाई दे रही हैं. साथ में एक ग्लास भी रखा नजर आ रहा है, जिससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि वहां चोरी-छिपे शराब की बिक्री की जा रही थी. वीडियो में एक युवक बोतलों के पास खड़ा खीरा काटते हुए भी दिख रहा है. वहां मौजूद कुछ लोगों ने जब इस पर आपत्ति जताई तो भी स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं आया.
उद्घाटन में मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद
बताया जा रहा है कि इसी मेले का उद्घाटन दिन के समय केंद्रीय मंत्री राजभूषण चौधरी, स्थानीय विधायक रणविजय साहू और समस्तीपुर के डीएम रोशन कुशवाहा सहित कई प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ था. ऐसे में कुछ ही घंटों बाद रात में इस तरह की घटना सामने आना प्रशासन की निगरानी पर सवाल खड़े करता है. देर शाम पूर्व मंत्री मुकेश सहनी भी यहां दर्शन के लिए पहुंचे थे.
प्रशासन की चुप्पी और जांच जारी
वीडियो वायरल होने के बाद भी प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने भी इस मामले पर कुछ भी कहने से इंकार कर दिया है. हालांकि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. यह भी स्पष्ट किया गया है कि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं