विज्ञापन

देवरिया में पेट्रोल-डीजल की अफवाह से हड़कंप, भगौनों और जनरेटर लेकर पहुंचे लोग

Deoria News: पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह से देवरिया में पैनिक की स्थिति बन गई. लोग अलग-अलग तरीकों से तेल भरवाने पहुंचे, लेकिन प्रशासन ने साफ किया कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है.

देवरिया में पेट्रोल-डीजल की अफवाह से हड़कंप, भगौनों और जनरेटर लेकर पहुंचे लोग

देवरिया. उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहों के चलते सभी पेट्रोल पंपों पर लंबी-लंबी लाइनें लग गई हैं. लोग ज्यादा से ज्यादा तेल का स्टॉक करने की फिराक में लगे हैं. देवरिया जनपद के दो अलग-अलग क्षेत्रों से दिलचस्प तस्वीरें सामने आई हैं. एक तरफ बरहज थाना क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर तेल लेने के लिए एक व्यक्ति ट्रैक्टर-ट्रॉली पर कई बड़े-बड़े खाना बनाने वाले भगौने लेकर पहुंच गया. अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

गैलन में नहीं मिला डीजल, तो जनरेटर को ही धक्का देकर ले गए

वहीं दूसरी तरफ एक अलग ही नजारा देखने को मिला. जब गैलन में डीजल नहीं मिला तो युवक जनरेटर को ही धक्का देकर पेट्रोल पंप तक ले गए और उसमें डीजल भराया. हरैया वार्ड नंबर पांच में स्थित ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी फ्लिपकार्ट का डिलीवरी प्वाइंट है, जहां गुरुवार सुबह से जनरेटर में डीजल न होने से काम ठप था. कर्मचारी युवक जब 10 लीटर का गैलन लेकर डीजल लेने पहुंचे तो पंप कर्मियों ने गैलन में तेल देने से इंकार कर दिया. इसके बाद युवक जनरेटर को धक्का देकर पंप तक ले आए और उसमें डीजल भरवाया.

प्रशासन ने दी सफाई-पर्याप्त है ईंधन

पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति पूरी तरह से सुचारु है. जनपद में पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है, अतः किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें. जिले से इस तरह के वीडियो वायरल होने के बाद जिलाधिकारी IAS दिव्या मित्तल ने सभी पेट्रोल पंपों को नियमित आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं. आमजन से अनुरोध किया गया है कि आवश्यकता अनुसार ही ईंधन क्रय करें और अनावश्यक भंडारण से बचें. जिलापूर्ति अधिकारी ने कहा कि दो दिन बहुत पैनिक रहा, लोग तेल भराने के लिए भीड़ लगा रहे थे. लेकिन तेल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, जितनी जरूरत है उतना मिल रहा है.

पंप मालिक का बयान

श्री चंद्रा पेट्रोल पंप सलेमपुर के मालिक पवन सिंह ने कहा कि प्रशासन ने गैलन में तेल देने से मना किया था, इसलिए हम नहीं दे रहे थे. इसी कारण कुछ युवक जनरेटर लेकर आए और उसमें डीजल भरवाकर ले गए.

लेखक के बारे में
img
Vinod Kumar Dwivedi
रिपोर्टर
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Deoria News, UP News, Petrol Diesel Rumor, Fuel Panic Deoria, Viral Video Deoria, Uttar Pradesh News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com