बिहार में मानसून एक्टिव होने से लोगों ने राहत की सांस ली है. पटना के मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, 27 जून से 1 जुलाई तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश, बादल गरजने, बिजली चमकने और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहेगा. शुरुआती तीन दिनों में पूर्वी और दक्षिणी जिलों पर मौसम का असर ज्यादा रहेगा, जबकि 30 जून के बाद कई इलाकों में राहत मिलने के संकेत हैं. आइए जानते हैं अगले पांच दिन बिहार के अलग-अलग इलाकों में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?
27 जून को राज्य के पूर्वी हिस्सों में मौसम सबसे ज्यादा एक्टिव रहने का पूर्वानुमान है. सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, मुंगेर, जमुई, खगड़िया, सहरसा और मधेपुरा समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में तेज बारिश के साथ 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. अन्य जिलों में भी येलो अलर्ट के साथ बारिश और आंधी की संभावना है.
28 जून को कैसा रहेगा बिहार का मौसम?
28 जून को भी बारिश का पूर्वानुमान है. पटना, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, अरवल और जहानाबाद समेत बिहार के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में तेज बारिश, बादल गरजने और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है.

Photo Credit: IMD
29 और 30 जून को बिहार में कहां-कहां होगी बारिश?
29 जून को लगभग पूरे बिहार में येलो अलर्ट रहेगा. प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, बादल गरजने, बिजली चमकने और तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी. 30 जून को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में येलो अलर्ट रहेगा लेकिन पहले के मुकाबले मौसम कुछ कमजोर रहने की संभावना है.

Photo Credit: IMD
1 जुलाई से पूर्वी जिलों में मौसम रहेगा एक्टिव
अगले महीने यानि 1 जुलाई तक आते-आते पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम बिहार के कई जिलों में मौसम सामान्य होने के संकेत हैं. इस दौरान किसी बड़े अलर्ट की कोई स्थिति नहीं दिख रही है. पूर्वी और उत्तर-पूर्वी बिहार के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का असर बना रह सकता है. कुल मिलाकर जुलाई की शुरुआत भी बिहार के कई हिस्सों में बारिश के साथ होने की संभावना है.
ये भी पढ़ें- भरत तिवारी का परिवार नहीं सोया पूरी रात, अब किस बात का सता रहा डर? खुद किया खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं