पटना: बिहार में किसानों को लेकर नीतीश सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. अब सरकार राज्य में किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर दलहन की भी खरीदारी करेगी. बिहार के किसानों के लिए यह बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है. यह निर्णय किसानों की आय बढ़ाने और दलहन उत्पादन को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. इस योजना के तहत किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर मसूर की खरीद की जाएगी और भुगतान सीधे किसानों के बैंक खाते में किया जाएगा.
अभी सिर्फ धान-गेंहू की MSP पर होती थी खरीद
कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने मंगलवार को कहा कि बिहार के किसानों के लिए यह बड़ी खुशखबरी है. अभी तक बिहार में सिर्फ धान और गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी होती थी, लेकिन अब बिहार में दलहन फसल की भी खरीदी होगी. उन्होंने कहा कि इस फैसले से किसानों की आय बढ़ाने मदद मिलेगी. साथ ही दलहन उत्पादन को प्रोत्साहन मिलेगा. अब सरकार इसके तहत किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर मसूर की खरीद करेगी और पैसा का भुगतान सीधे किसानों के बैंक खाते में किया जाएगा.
किसानों की आय बढ़ाने के लिए ठोस कदम
बता दें कि बिहार सरकार के अनुरोध पर भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा रबी 2026 मौसम में बिहार से 32 हजार मीट्रिक टन मसूर की खरीद के लिए मूल्य समर्थन योजना (पीएसएस) के अंतर्गत स्वीकृति प्रदान की गई है. मंत्री रामकृपाल यादव ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं.
3 दिन में सीधे बैंक खाते में होगा भुगतान
इसके लिए उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके सहयोग से बिहार के किसानों को इस योजना का लाभ मिल सकेगा और दलहन उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने बताया कि राज्य सरकार किसानों को समय पर लाभ दिलाने के लिए खरीद केंद्रों की स्थापना, पंजीकरण, भंडारण और भुगतान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करेगी. मसूर की खरीद राज्य सरकार द्वारा तय तिथि से प्रारंभ होगी, जिसकी अवधि 60 दिनों तक होगी. किसानों को भुगतान तीन दिनों के अंदर किया जाएगा. उन्होंने कहा कि इस निर्णय से बिहार के मसूर उत्पादक किसानों को उचित मूल्य मिलेगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी और दलहन उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा.
यह भी पढे़ं-
'एक रात में सब खत्म हो गया', बिहार में बेमौसम बारिश का कहर, किसानों के सामने लाखों के कर्ज की चिंता
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं