विज्ञापन

बिहार का नया मुख्यमंत्री कौन बनेगा? ऐलान आज, जानें कौन-कौन से चेहरे रेस में सबसे आगे

Bihar CM Announcement: बिहार में अनुसूचित जाति से आने वाले नेताओं को मुख्यमंत्री बनाए जाने की भी चर्चा है. करीब 20% आबादी वाले इस समूह से मुख्यमंत्री बनाने पर यूपी चुनाव में भी इसका असर होगा. पार्टी इस बात को ध्यान में रखकर बिहार सीएम का चुनाव कर सकती है.

बिहार का नया मुख्यमंत्री कौन बनेगा? ऐलान आज, जानें कौन-कौन से चेहरे रेस में सबसे आगे
बिहार के नए सीएम के नाम का होगा ऐलान.
  • बिहार के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान मंगलवार को होगा, जिसमें पहली बार बीजेपी का मुख्यमंत्री बनना तय है
  • उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदार हैं, जिनकी नीतीश कुमार ने अनुशंसा की है
  • अति पिछड़ी जाति के प्रमोद चंद्रवंशी और संजीव चौरसिया भी मुख्यमंत्री पद के मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
पटना:

बिहार के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान मंगलवार को होगा. राज्य में पहली बार बीजेपी का मुख्यमंत्री बनने जा रहा है. केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर्यवेक्षक बनकर आ रहे हैं. दोपहर दो बजे से बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी. इसमें उस नेता का चयन होगा जो बिहार का अगला मुख्यमंत्री बनेगा. मुख्यमंत्री बनने के लिए जो नाम चर्चा में हैं, उनमें उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे है. सूत्र बताते हैं कि खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनके नाम की अनुशंसा की है, इसलिए उनका दावा सबसे मजबूत है. लेकिन बीजेपी की अब तक की राजनीति और अलग-अलग राज्यों में मुख्यमंत्री के चयन को देखते हुए, यह सब इतना आसान नहीं लग रहा.

कौन बनेगा बिहार का नया सीएम?

 राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि बीजेपी किसी नए नाम को सामने लाकर चौंका भी सकती है, इसलिए सम्राट चौधरी के अलावा भी कई नाम चर्चाओं में हैं. बता दें कि सम्राट चौधरी कुशवाहा जाति से आते हैं. पिछड़ी जाति में यादव के बाद कुशवाहा सबसे बड़ी जाति है. सूत्रों की मानें तो जेडीयू ने बीजेपी को इसी जाति समूह से मुख्यमंत्री बनाने को कहा है. तभी सम्राट स्वाभाविक दावेदार बने हैं. हालांकि इसी जाति से आने वाली प्राणपुर की विधायक निशा सिंह के नाम की भी चर्चा हो रही है. नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाने से पहले बीजेपी यह दांव खेल सकती है.

अति पिछड़ी जाति के नेताओं के नामों की चर्चा

एक चर्चा अति पिछड़ी जाति के नेताओं को मुख्यमंत्री बनाने की भी है, इसमें मौजूदा मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी सबसे मजबूत दावेदारों में से एक हैं. वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के रास्ते बीजेपी में आए हैं. वह पहली बार मंत्री बने हैं. उनके पास सहकारिता और वन, पर्यावरण जैसे विभाग हैं. दीघा विधायक संजीव चौरसिया भी इस रेस में शामिल हैं. वह इस सीट से लगातार तीसरी बार चुनाव जीते हैं. उनके पिता गंगा प्रसाद चौरसिया गवर्नर भी रह चुके हैं. उनका परिवार संघ से जुड़ा रहा है. वह पार्टी के पुराने कार्यकर्ता हैं. उनके जरिए अति पिछड़ी जातियों को साधा जा सकता है. स्पीकर प्रेम कुमार भी अति पिछड़ी जाति से आते हैं. उनकी इच्छा भी मुख्यमंत्री बनने की है लेकिन उम्र उनकी राह में रोड़ा बन सकता है. 
इस समूह से हरि सहनी, रमा निषाद जैसे नेताओं के नाम भी चर्चा में हैं.

ये भी पढ़ें-बिहार में चल रही नए CM बनने की कवायद, उधर नीतीश कुमार क्यों हो गए नाराज? जानिए पूरी बात

क्या अनुसूचित जाति से होगा बिहार का नया सीएम?

इसके अलावा अनुसूचित जाति से आने वाले नेताओं को मुख्यमंत्री बनाए जाने की भी चर्चा है. करीब 20% आबादी वाले इस समूह से मुख्यमंत्री बनाने पर यूपी चुनाव में भी इसका असर होगा. पार्टी इस बात को ध्यान में रखकर सीएम का चुनाव कर सकती है. मौजूदा समय में देश के किसी भी राज्य में अनुसूचित जाति का मुख्यमंत्री नहीं है. इस वर्ग से आने वाले जनक राम के नाम की भी चर्चा है,  वे रविदास समुदाय से आते हैं और मंत्री भी रहे हैं. वह बिहार विधान परिषद के सदस्य भी हैं. उनको मुख्यमंत्री बनाकर पार्टी यूपी के जाटव मतदाताओं को संदेश दे सकती है.

बीजेपी के इन बड़े नेताओं के नामों की चर्चा

 पातेपुर से दूसरी बार विधायक बने लखेंद्र पासवान ने बीते दिनों दोनों डिप्टी सीएम के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की थी. इसके बाद उनके नाम की भी चर्चा हो रही है. वे फिलहाल मंत्री हैं और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के करीबी माने जाते हैं. इसके अलावा बीजेपी सांसद संजय जायसवाल, मंत्री दिलीप जायसवाल जैसे नेताओं के नाम की भी चर्चा है.

मंगलवार दोपहर तक चर्चाओं का बाजार गर्म रहेगा. विधायक दल के बैठक में नेता के चयन के साथ कयासबाजी समाप्त हो जाएगी. मौजूदा परिस्थितियों में सम्राट चौधरी सबसे आगे नजर आ रहे हैं. माना जा रहा है कि उनके नाम पर ही मुहर लग सकती है. देखना होगा कि बिहार का अगला सम्राट तय चेहरा होगा या इस बार भी भाजपा चौंकाएगी.

ये भी पढ़ें-बिहार को आज मिलेगा नया मुख्यमंत्री, प्रदेश में पहली बार 'BJP सरकार'; बैठक, इस्तीफा, शपथ... जानें पूरा शेड्यूल

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com