Bihar News: बिहार के होनहार खिलाड़ियों के लिए राज्य सरकार ने एक ऐतिहासिक फैसला लिया है. अब राज्य के उत्कृष्ट खिलाड़ी अपनी खेल उपलब्धियों के दम पर सीधे सरकारी नौकरी पा सकेंगे. बिहार कैबिनेट ने 'बिहार के उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति (संशोधन) नियमावली, 2026' को मंजूरी दे दी है. इस निर्णय से राज्य में खेल प्रतिभाओं को न केवल सम्मान मिलेगा बल्कि उनका भविष्य भी सुरक्षित होगा.
सरकारी नौकरी के लिए नए मानदंड
इस नई नियमावली के तहत खेल उपलब्धियों के आधार पर वेतन स्तर तय किए गए हैं. इससे खिलाड़ियों को अपने प्रदर्शन के अनुसार सरकारी सेवाओं में स्थान मिलेगा:
वेतन स्तर-09 (ग्रेड पे 5400): ओलंपिक में पदक विजेता, ओलंपिक में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी, किसी भी प्रारूप में भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा रहे खिलाड़ी और एशियाई या राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक विजेता.
वेतन स्तर-07 (ग्रेड पे 4600): एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले या भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी.
वेतन स्तर-06 (ग्रेड पे 4200): नेशनल गेम्स और सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में स्वर्ण व रजत पदक विजेता.
खेल संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा
बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने इस फैसले पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि "बिहार के खिलाड़ियों ने सदैव राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. इस संशोधित नियमावली के माध्यम से हम सुनिश्चित कर रहे हैं कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को उनके परिश्रम और समर्पण का उचित पुरस्कार मिले. मुझे विश्वास है कि यह निर्णय न केवल हमारे मौजूदा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगा, बल्कि बिहार के लाखों युवाओं को खेलों को अपने करियर के रूप में अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित करेगा."
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल अवसंरचना, प्रशिक्षण सुविधाओं और खिलाड़ियों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है. यह निर्णय खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और खेलों को करियर के रूप में अपनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. नई व्यवस्था से राज्य के प्रतिभावान खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में अवसर प्राप्त करने का मार्ग और अधिक सुगम होगा तथा बिहार में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा.
यह भी पढ़ें- राजस्थान सरकार का बड़ा तोहफा, पदोन्नति में 2 साल की छूट; सचिवालय में 149 नए पद स्वीकृत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं