औरंगाबाद जिले में एक पति ने पत्नी की गला रेतकर हत्या को अंजाम दिया है. घटना सोमवार (30 मार्च) की है जब पति छुट्टी पर घर आया था. वहीं, गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया. घटना फेसर थाना अंतर्गत आलमपुर गांव की है. मृतका की पहचान 30 साल की बेबी कुमारी, जबकि आरोपी पति की पहचान 35 साल के मंटू कुमार के रूप में की गई है.
जानकारी के मुताबिक, आरोपी मंटू कुमार किसी दूसरे राज्य में रहकर प्राइवेट जॉब करता था. सोमवार सुबह ही आरोपी मंटू दूसरे राज्य से घर लौटा था. घर आने के बाद किसी बात को लेकर मंटू और बेबी के बीच विवाद हुआ था.
5 जगह धारदार हथियार से वार के निशान
मृतका बेबी कुमारी के शरीर पर धारदार हथियार से वार के 5 निशान मिले हैं. जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने अपनी पत्नी के गले को बुरी तरह रेत दिया था. गला 60 फीसदी से अधिक रेता गया था. अधिक खून बहने से बेबी कुमारी की मौत हुई है. बताया जा रहा है कि आरोपी जब वारदात को अंजाम दे रहा था, तब आसपास के लोग आरोपी के घर पहुंचे. लोगों के पहुंचने के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया. वहीं, घर में लहुलूहान पड़ी महिला को पड़ोसियों ने ही सदर अस्पताल में एडमिट कराया.
तीन बच्चों की मां थी मृतका
बेबी और मंटू कुमार दोनों के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और एक बेटी है. वारदात के दौरान तीनों बच्चे पढ़ाई के लिए स्कूल गए थे. इधर घटना की सूचना मिलते ही फेसर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया.
वही इस मामले को लेकर सदर एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय से बात करने पर बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद का प्रतीत होता है. परिजनों का बयान दर्ज कर लिया गया है और घटनास्थल को सील कर दिया गया है.
पुलिस आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. हालांकि फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है.
यह भी पढ़ेंः Bihar: प्रेमिका का खौफनाक खेल, 5 साल की बच्ची की हत्या... प्रेमी के लिए दिया 18 आपराधिक घटनाओं को अंजाम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं