इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड के बाद एक ऐसा भावुक मोड़ सामने आया है, जिसने पूरे परिवार के गम को कुछ पल के लिए खुशी में बदल दिया है. करीब 8-9 महीने पहले जिस घर में मातम पसरा था, आज वहीं किलकारी गूंजी है. राजा रघुवंशी के बड़े भाई सचिन रघुवंशी के घर बेटे का जन्म हुआ है, और परिवार इस नवजात को अपने ‘राजा’ की वापसी मान रहा है.
परिवार के मुताबिक, यह सिर्फ एक जन्म नहीं बल्कि एक संयोग है, जिसे वे चमत्कार मान रहे हैं. जिस दिन राजा की हत्या हुई थी, वह ग्यारस का दिन था और दोपहर करीब 2:40 बजे उनकी मौत हुई थी. वहीं, अब जन्मे इस बच्चे का समय भी लगभग वही—दोपहर 2:42 बजे—बताया जा रहा है, और दिन भी ग्यारस ही है. यही वजह है कि परिवार इसे भगवान की कृपा और अपने बेटे की वापसी मान रहा है.
राजा की मां उमा रघुवंशी भावुक होकर कहती हैं—“मेरा बेटा फिर से लौट आया है.” परिवार ने बिना किसी कुंडली के नवजात का नाम भी ‘राजा’ ही रख दिया है. उनका कहना है कि जब बच्चे को ‘राजा’ कहकर बुलाते हैं, तो उसकी प्रतिक्रिया भी उन्हें अपने बेटे की याद दिलाती है.
वहीं दूसरी ओर, परिवार अभी भी न्याय की लड़ाई लड़ रहा है. उन्होंने इस बहुचर्चित हत्याकांड की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की है, ताकि आरोपियों को जल्द सजा मिल सके.