वैशाली के लालगंज थाना क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अपनी प्रेमिका की शादी से नाराज होकर BSNL टॉवर पर चढ़ गया. युवक के टॉवर पर चढ़ते ही इलाके में हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई. शनिवार रात करीब 7 बजे टॉवर पर चढ़ा. करीब 2 घंटे तक पुलिस मनाती रही. काफी मनाने के बाद टॉवर से नीचे उतरा.
प्रेमिका से नहीं हुई शादी
घटना लालगंज थाना क्षेत्र के जैतीपुर गांव और बिजली ऑफिस परिसर का है. बताया जा रहा है कि जैतीपुर गांव निवासी दिनेश राम का बेटा अरविंद कुमार (28) अपनी प्रेमिका से शादी करना चाहता था. प्रेमिका के घर वाले सहमत नहीं थे. प्रेमिका की शादी दूसरी जगह कर दी, इससे नाराज होकर वह BSNL टॉवर पर चढ़ गया.
टॉवर पर चढ़ गया युवक
युवक को टॉवर पर चढ़ा देख इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही लालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने काफी देर तक युवक को समझाने का प्रयास किया. इस दौरान मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा रही, और लोग युवक को नीचे उतरने की अपील करते रहे. काफी मशक्कत और पुलिस के आश्वासन के बाद युवक टॉवर से नीचे उतरा.
युवक को हिरासत में लिया
पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की गई. पूछताछ में युवक ने बताया कि वह पिछले एक महीने से अपनी प्रेमिका से शादी करने की जिद पर अड़ा था. उसकी शादी अभी दो दिन पहले हुई है. तनाव में उसने एक महीने तक खाना-पीना तक छोड़ दिया था, जिससे उसकी तबीयत खराब हो गई थी.
यह भी पढ़ें: 'भोज में खूब रसगुल्ला खाए...', तंज पर युवक की हत्या; रॉड से पीट-पीटकर मार डाला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं