गया के परैया थाना से मंगलवार सुबह 13 साल का किशोर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था. पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी कि कुछ देर बाद प्रभुआ गांव के पास गया-डीडीयू रेल की पटरी पर टुकड़ों में उसकी लाश मिली. पुलिस ने शव के एक-एक पार्ट को बीनकर चादर की गठरी में इकट्ठा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस अधिकारी थाने की सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं.
बैंक में चोरी के आरोप में पकड़ा था
सोमवार को दखनेर के निवास सिंह परैया स्थित मध्य बिहार ग्रामीण बैंक में रुपये जमा करने गए थे. इसी दौरान एक 13 साल का किशोर उनके झोले को काटकर उसमें रखे सौ-सौ रुपये के चार बंडल निकाल लिए, और भागने लगा. शोर मचने पर लोगों की मदद से उसे बैंक के बाहर पकड़ लिया गया, और पुलिस के हवाले कर दिया गया. पुलिस उससे पूछताछ कर उसके साथ जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही थी. इसी बीच वह भाग गया. कुछ देर बाद पटरी पर उसकी लाश मिली.

ट्रेन की पटरी पर किशोर की लाश मिली. (Photo- NDTV)
पुलिसकर्मियों से पूछताछ
बच्चे की लाश मिलने के बाद टिकारी एसडीपीओ सुशांत कुमार चंचल और सर्किल इंस्पेक्टर परैया थाना पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं. साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से पूछताछ की जा रही है कि आखिर किशोर थाना परिसर से कैसे फरार हुआ, और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई.
हादसा, आत्महत्या या कोई और वजह?
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किशोर की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई, आत्महत्या या इसके पीछे कोई अन्य कारण है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी. घटनास्थल और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.
पुलिस अभिरक्षा पर उठे सवाल
थाने से एक नाबालिग का फरार होना और कुछ ही समय बाद उसका शव रेल पटरी पर मिलना पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर रहा है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अधिकारियों का कहना है कि जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इस संबंध में परैया थाना प्रभारी सुनीता कुमारी ने बताया कि घटना को सभी लोग जान रहे हैं. सभी जगह खबर प्रकाशित है. हम कुछ भी नहीं कहेंगे, जो भी जानना है, सीनियर पुलिस अधिकारी से बात कर लें. मंगलवार को सीनियर पदाधिकारियों ने जांच पड़ताल की है.
टिकारी एसडीपीओ सुशांत कुमार चंचल ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है, और इस मामले में जो भी दोषी होगा उन पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: बिहार में शिक्षकों की नई ट्रांसफर नीति, अब योग्यता और जरूरत के आधार पर होंगे तबादले
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं