Skoda ने अपनी आने वाली फ्लैगशिप SUV Skoda Kodiaq RS को लॉन्च से पहले ही बेच दिया. दरअसल, 22 जून को जैसे ही इस कार की बुकिंग खुली, महज 6 मिनट के अंदर इसका पहला बैच पूरी तरह से बिक गया. हैरान करने वाली बात यह है कि कंपनी ने अभी तक इस कार की कीमत की घोषणा भी नहीं की है, फिर भी इसे खरीदने के लिए ग्राहकों में जबरदस्त होड़ मच गई.
कंपनी ने बताया कि कोडिएक (Kodiaq) के इस सबसे पावरफुल वर्जन को लेकर ग्राहकों में जबरदस्त दीवानगी है. हालांकि अभी तक कार की कीमतों का ऐलान होना बाकी है, लेकिन ऑटो एक्सपर्ट्स का मानना है कि इसकी एक्स-शोरूम कीमत करीब 60 लाख रुपये के आस-पास हो सकती है. इसके बावजूद लोगों ने बिना कीमत जाने ही इसे हाथों-हाथ बुक कर लिया.
Citroen Aircross का नया 'Comfort Edition' हुआ लॉन्च, बेहद कम है दाम और फीचर्स प्रीमियम
सुपरकार जैसा दमदार इंजन
इस गाड़ी की सबसे बड़ी USP इसका इंजन है. स्कोडा कोडिएक आरएस के हुड के नीचे 2.0-लीटर का चार-सिलेंडर वाला टर्बो-पेट्रोल इंजन दिया गया है. यह इंजन 265 हॉर्सपावर की ताकत और 400 एनएम का भारी टॉर्क पैदा करता है. यह पावर सामान्य कोडिएक मॉडल से कहीं ज्यादा है. इसमें 7-स्पीड डुअल-क्लच ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन (DCT) दिया गया है, जो इसके ऑल-व्हील-ड्राइव सिस्टम के जरिए चारों पहियों को पावर भेजता है. कंपनी का दावा है कि यह कार महज 6.3 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है.
शानदार रफ्तार के साथ-साथ कार का संतुलन बना रहे, इसके लिए स्कोडा ने इसमें 'डायनेमिक चेसिस कंट्रोल प्लस' (DCC Plus) तकनीक दी है. यह एक एडवांस्ड एडेप्टिव सस्पेंशन सिस्टम है जो सड़क की स्थिति के हिसाब से खुद को ढाल लेता है. इससे ड्राइवर को तेज रफ्तार में बेहतरीन स्टेबिलिटी मिलती है और केबिन के अंदर बैठे लोगों को बिल्कुल भी झटके महसूस नहीं होते हैं.
Reel बनाने के लिए Toyota Fortuner को अचानक बीच नदी में फेंका, Video देखकर उड़ जाएंगे आपके भी होश!
स्पोर्टी लुक और शानदार केबिन
दिखने में यह कार जितनी मस्कुलर है, उतनी ही स्पोर्टी भी लगती है. कोडिएक आरएस को कंपनी चार शानदार मोनोटोन कलर्स में लेकर आ रही है, जिसमें मून व्हाइट, स्टील ग्रे, वेलवेट रेड और मैजिक ब्लैक शामिल हैं. कार के फ्रंट में एलईडी मैट्रिक्स हेडलाइट्स के साथ एक चमचमाती ग्रिल लाइट स्ट्रिप दी गई है. इसके साथ ही इसमें मिलने वाले बड़े 20-इंच के अलॉय व्हील्स इसके स्पोर्टी लुक में चार चांद लगा देते हैं.
कार के अंदर कदम रखते ही आपको एक ऑल-ब्लैक थीम वाला केबिन मिलता है, जिस पर रेड कलर की स्टिचिंग (सिलाई) की गई है. फीचर्स की बात करें तो इसमें 12.9-इंच का बड़ा टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम, 10.25-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और 13 स्पीकर्स वाला प्रीमियम कैंटन (Canton) ऑडियो सिस्टम दिया गया है. इसके अलावा, कार में वेंटिलेटेड और हीटेड फ्रंट स्पोर्ट्स सीटें, पैनोरमिक सनरूफ और थ्री-जोन क्लाइमेट कंट्रोल जैसे लग्जरी फीचर्स भी मिलते हैं.
सुरक्षा के मामले में भी है 'नंबर-1'
कोडिएक आरएस में सुरक्षा के लिए 9 एयरबैग्स, एक 360-डिग्री कैमरा, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS), पार्किंग असिस्टेंस और सबसे एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) का सूट दिया गया है. कुल मिलाकर यह कार उन लोगों के लिए एक परफेक्ट पैकेज है जो एक ही गाड़ी में लग्जरी, सुरक्षा और सुपरकार जैसी रफ्तार चाहते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं