विज्ञापन

सिर्फ एडवेंचर नहीं, टेक्नोलॉजी का पावरहाउस है Norton Atlas और Atlas GT, जानिए पूरी डिटेल

Norton Atlas और Atlas GT के पूरे स्पेसिफिकेशन सामने आ गए हैं. 585cc ट्विन-सिलेंडर इंजन, 5 राइड मोड्स, 8-इंच TFT डिस्प्ले और एडवांस सेफ्टी फीचर्स के साथ यह बाइक BMW F 450 GS से ऊपर के सेगमेंट को टारगेट करती दिख रही है.

सिर्फ एडवेंचर नहीं, टेक्नोलॉजी का पावरहाउस है Norton Atlas और Atlas GT, जानिए पूरी डिटेल
Norton Atlas और Atlas GT के स्पेक्स आए सामने
Photo Credit: Norton Atlas

Norton ने अपनी नई Atlas और Atlas GT एडवेंचर मोटरसाइकिलों के स्पेसिफिकेशन का खुलासा कर दिया है. अब तक माना जा रहा था कि यह बाइक BMW F 450 GS को टक्कर देगी, लेकिन सामने आए स्पेक्स कुछ और ही कहानी बताते हैं. दमदार इंजन, प्रीमियम हार्डवेयर और एडवांस इलेक्ट्रॉनिक्स के साथ यह बाइक मिडिलवेट एडवेंचर सेगमेंट में बड़ा दांव खेलती नजर आ रही है.

दमदार 585cc ट्विन-सिलेंडर इंजन

Norton Atlas और Atlas GT में 585cc का लिक्विड-कूल्ड पैरेलल-ट्विन इंजन दिया गया है. यह इंजन 270-डिग्री क्रैंकशाफ्ट के साथ आता है और 69 bhp की पावर तथा 57.7 Nm का टॉर्क पैदा करता है. इंजन को मल्टी-पॉइंट सीक्वेंशियल फ्यूल इंजेक्शन और राइड-बाय-वायर तकनीक से लैस किया गया है. बाइक में 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है, जिसमें बाय-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर भी मिलता है. इसके अलावा असिस्ट और स्लिप क्लच तेज गियर शिफ्टिंग के दौरान राइडिंग को और बेहतर बनाता है.

प्रीमियम सस्पेंशन और मजबूत हार्डवेयर

बाइक को स्टील ट्रेलिस फ्रेम पर तैयार किया गया है. इसके साथ कास्ट एल्यूमिनियम स्विंगआर्म दिया गया है. फ्रंट में KYB के 43mm USD फोर्क्स और रियर में KYB मोनोशॉक सस्पेंशन मिलता है. दोनों तरफ 180mm का व्हील ट्रैवल दिया गया है. Atlas में 15.4 लीटर का फ्यूल टैंक मिलता है. इसकी सीट हाइट 845mm और ग्राउंड क्लीयरेंस 220mm है. बाइक का वेट वेट 188 किलोग्राम बताया गया है.

ब्रेकिंग और व्हील सेटअप

ब्रेकिंग के लिए फ्रंट में 310mm सेमी-फ्लोटिंग डिस्क और रेडियली माउंटेड ByBre कैलिपर्स दिए गए हैं. वहीं पीछे 270mm डिस्क ब्रेक मिलता है. बाइक में 19-इंच का फ्रंट और 17-इंच का रियर व्हील दिया गया है. ग्राहक अपनी जरूरत के अनुसार अलॉय या स्पोक व्हील्स का विकल्प चुन सकते हैं. इनमें Eurogrip Explo R Plus टायर्स लगाए गए हैं.

BMW की सबसे सस्ती एडवेंचर बाइक खरीदने का सपना टूटा, कंपनी ने अचानक रोक दी बुकिंग, जानें वजह

फीचर्स में नहीं छोड़ी कोई कमी

Norton Atlas की सबसे बड़ी खासियत इसका एडवांस इलेक्ट्रॉनिक्स पैकेज है. इसमें Bosch 10.3MB सिक्स-एक्सिस IMU दिया गया है. इसकी मदद से ABS, ट्रैक्शन कंट्रोल, व्हीली कंट्रोल, रियर स्लाइड कंट्रोल, रियर लिफ्ट मिटिगेशन और डायनेमिक क्रूज कंट्रोल जैसे फीचर्स मिलते हैं. राइडर्स के लिए Urban, Rain, Sport, Tour और Enduro समेत पांच राइड मोड्स दिए गए हैं, जो अलग-अलग परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करते हैं.

बड़ी TFT स्क्रीन और स्मार्ट कनेक्टिविटी

बाइक में 8-इंच की TFT टचस्क्रीन डिस्प्ले दी गई है, जिसका रिजॉल्यूशन 720p है. इसमें Bluetooth और Wi-Fi कनेक्टिविटी का सपोर्ट मिलता है. राइडर्स कॉल और म्यूजिक कंट्रोल, टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, GoPro कंट्रोल और राइड टेलीमेट्री जैसी सुविधाओं का उपयोग कर सकते हैं. इसके अलावा Norton Rider App सपोर्ट और OTA अपडेट्स की सुविधा भी दी गई है. बाइक में कीलेस इग्निशन और इलेक्ट्रॉनिक लॉक सिस्टम भी मिलता है.

क्या BMW F 450 GS के लिए बनेगी चुनौती?

स्पेसिफिकेशन को देखते हुए Norton Atlas सिर्फ BMW F 450 GS को टक्कर देने के लिए नहीं बनाई गई है. इसका इंजन, फीचर्स और हार्डवेयर इसे एक ज्यादा प्रीमियम और पावरफुल एडवेंचर मोटरसाइकिल बनाते हैं.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Norton Atlas, Atlas GT
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com