देश की सबसे बड़ी कार कंपनी Maruti Suzuki ने अपने ग्राहकों को बड़ा झटका देते हुए कारों की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है. कंपनी ने बताया है कि 1 जून 2026 से उसके कई मॉडल्स की कीमतें बढ़ जाएंगी. यह बढ़ोतरी मॉडल के आधार पर अलग-अलग होगी और अधिकतम 30,000 रुपये तक पहुंच सकती है. बता दें, 2026 में Maruti Suzuki की यह पहली कीमत बढ़ोतरी है.

क्यों बढ़ रही हैं Maruti की कारों की कीमतें?
Maruti Suzuki के अनुसार कीमतों में बढ़ोतरी का सबसे बड़ा कारण प्रोडक्शन लागत में लगातार वृद्धि है. पिछले कुछ समय से कच्चे माल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. स्टील, एल्यूमिनियम, प्लास्टिक, इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स और अन्य महत्वपूर्ण ऑटो कंपोनेंट्स पहले की तुलना में काफी महंगे हो चुके हैं. इसके अलावा लॉजिस्टिक्स, ट्रांसपोर्टेशन जैसे खर्चों में भी वृद्धि हुई है.
सभी मॉडल्स पर पड़ेगा असर
कंपनी ने अभी तक मॉडल वाइज कीमत बढ़ोतरी की लिस्ट जारी नहीं की है. हालांकि Maruti ने साफ कर दिया है कि कीमतों में बढ़ोतरी उसके पूरे पोर्टफोलियो पर लागू होगी. इसका मतलब है कि कंपनी की पॉपुलर हैचबैक, सेडान, SUV और MPV सभी प्रभावित हो सकती हैं. भारत में Maruti Suzuki की कई लोकप्रिय कारें बिकती हैं, जिनमें Maruti Suzuki Alto K10, Maruti Suzuki WagonR, Maruti Suzuki Swift, Maruti Suzuki Baleno, Maruti Suzuki Brezza, Maruti Suzuki Fronx, Maruti Suzuki Ertiga और Maruti Suzuki Grand Vitara जैसे मॉडल शामिल हैं.
हालांकि सभी मॉडल और वेरिएंट में बढ़ोतरी की राशि अलग-अलग होगी. कुछ मॉडल्स में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि कुछ में कीमत 30,000 रुपये तक बढ़ सकती है.
अन्य कंपनियां भी बढ़ा चुकी हैं कीमतें
Maruti Suzuki अकेली कंपनी नहीं है जिसने हाल के महीनों में कीमतें बढ़ाई हैं. अप्रैल 2026 में MG Motor और Tata Motors ने अपने वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी की थी. इसके बाद मई 2026 में Hyundai Motor India ने भी कारों की कीमतें बढ़ाने की घोषणा की.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं