त्योहारी सीजन में नई गाड़ी खरीदने वालों को झटका लगा है. Mahindra ने अपनी कई SUV की कीमतों में बदलाव किया है. रिपोर्ट के अनुसार, नई कीमतें तुरंत प्रभाव से लागू हो गई हैं. इस लिस्ट में Thar Roxx, Bolero Neo, Bolero Neo Plus, Scorpio N, XUV 7XO और Scorpio जैसे मॉडल शामिल हैं. कंपनी ने Scorpio के तीन डीजल वेरिएंट की कीमतें बढ़ाई हैं. इनमें सबसे ज्यादा बढ़ोतरी टॉप वेरिएंट S11 Diesel MT 7S में हुई है. ये अब 8,500 रुपये महंगा हो गया है.
Mahindra Scorpio के तीन वेरिएंट हुए महंगे
Mahindra Scorpio की कीमतों में वेरिएंट के हिसाब से बढ़ोतरी की गई है. टॉप-स्पेक S11 Diesel MT 7S की कीमत में सबसे ज्यादा 8,500 रुपये का इजाफा हुआ है. वहीं, S Diesel MT 9S वेरिएंट अब पहले के मुकाबले 7 हजार रुपये महंगा हो गया है. इसके अलावा, S Diesel MT 7S वेरिएंट की कीमत में 6,500 रुपये की बढ़ोतरी की गई है. इस बदलाव के बाद Scorpio रेंज की एक्स-शोरूम कीमत 13.43 लाख से 17.48 लाख के बीच हो गई है.जबकि Mahindra Scorpio N 19,499 रुपये तक महंगा गया है.
Mahindra Scorpio N में मिलते हैं पेट्रोल और डीजल इंजन
Mahindra Scorpio N में दो इंजन ऑप्शन मिलते हैं. इसका पेट्रोल वेरिएंट 2.0-लीटर टर्बो इंजन के साथ आता है, जो 203hp की पावर जनरेट करता है. वहीं, SUV में 2.2-लीटर टर्बो डीजल इंजन का विकल्प भी मिलता है. यह दो पावर आउटपुट, 132hp और 175hp में उपलब्ध है. इसके 175hp वाले डीजल वेरिएंट में 400Nm का टॉर्क मिलता है. दोनों इंजन के साथ स्टैंडर्ड तौर पर 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स दिया गया है. ज्यादातर वेरिएंट में 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प भी मिलता है. Scorpio N के सेलेक्टेड डीजल ऑटोमैटिक वेरिएंट में 4Xplor 4WD सिस्टम दिया गया है. इसमें लो-रेंज गियरबॉक्स और लॉकिंग डिफरेंशियल जैसे फीचर्स शामिल हैं, जो मुश्किल रास्तों पर ड्राइविंग में मदद करते हैं.
यह भी पढ़ें | 36.47 KM का माइलेज, कीमत 4.77 लाख से शुरू, दिवाली में घर लाने के लिए बेस्ट CNG कारें
Mahindra Scorpio N के साइज और कैपेसिटी
Mahindra Scorpio N की लंबाई 4,662 mm, चौड़ाई 1,917 mm और ऊंचाई 1,857 mm है. इसका व्हीलबेस 2,750 mm का है, जबकि ग्राउंड क्लीयरेंस 187 mm दिया गया है. इस SUV की वॉडिंग डेप्थ 500 mm है और इसमें 57 लीटर का फ्यूल टैंक मिलता है. सीटिंग कॉन्फिगरेशन के हिसाब से इसमें 6 या 7 लोगों के बैठने की जगह मिलती है.
सेफ्टी फीचर्स में मिलते हैं कई ऑप्शन
Scorpio N के बेस वेरिएंट में Global NCAP की 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग का जिक्र किया गया है. इसके सेफ्टी फीचर्स में कर्टेन एयरबैग्स, ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल और हिल डिसेंट कंट्रोल शामिल हैं. टॉप वेरिएंट में इसके अलावा ड्राइवर असिस्टेंस से जुड़े एडिशनल फीचर्स भी मिलते हैं. हालांकि, अलग-अलग वेरिएंट में मिलने वाले फीचर्स की उपलब्धता अलग हो सकती है.
जल्द लॉन्च होगी Mahindra XUV 3XO CNG
Mahindra आने वाले समय में कई नए मॉडल पेश करने की तैयारी कर रही है. इनमें सबसे पहले XUV 3XO CNG को इस सप्ताह लॉन्च किए जाने की प्लानिंग है. 15 अक्टूबर को इसे पेश किया जाएगा. इसके अलावा कंपनी की आने वाले मॉडल की लिस्ट में Vision S, Vision T, Scorpio Lifestyler पिकअप और BE.07 जैसे नाम भी शामिल हैं. इन मॉडलों की लॉन्चिंग को लेकर फिलहाल ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है.
यह भी पढ़ें | भूल जाइए Scorpio-Fortuner! 25 लाख की जबरदस्त कार, पानी में भी चल सकती, 12 मिनट में 10 हजार बुकिंग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं