विज्ञापन

EV वालों के लिए गुड न्‍यूज: 'माई हुंडई' ऐप पर 30,000 चार्जिंग स्‍टेशन, चार्ज कर पाएंगे अपनी इलेक्ट्रिक कार

हुंडई मोटर इंडिया (HMIL) ने माई हुंडई ऐप पर 30,000 से अधिक EV चार्जिंग पॉइंट्स को एकीकृत किया है. अब किसी भी ब्रांड की इलेक्ट्रिक कार के मालिक इस ऐप से स्लॉट बुक और डिजिटल पेमेंट कर सकेंगे.

EV वालों के लिए गुड न्‍यूज: 'माई हुंडई' ऐप पर 30,000 चार्जिंग स्‍टेशन, चार्ज कर पाएंगे अपनी इलेक्ट्रिक कार
EV Charging Stations: हुंडई मोटर्स के चार्जिंग स्‍टेशंस का नेटवर्क बढ़ा है.
NDTV इंडिया ग्राफिक्‍स

देश की अग्रणी ऑटोमोबाइल कंपनी हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड (HMIL) ने सोमवार को ऐलान किया कि अब इलेक्ट्रिक वाहन (EV) उपयोगकर्ता उसके माई हुंडई ऐप के माध्यम से देशभर में 30,000 से अधिक चार्जिंग पॉइंट्स तक पहुंच बना सकेंगे. इसके साथ ही, एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध भारत के सबसे बड़े एकीकृत इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग नेटवर्क में से एक का लाभ ग्राहकों को मिलेगा. कंपनी ने बताया कि यह प्लेटफॉर्म प्रमुख चार्ज प्वाइंट ऑपरेटरों (सीपीओ) और सेवा प्रदाताओं के सहयोग से विकसित किया गया है तथा यह सभी ब्रांडों के इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) के लिए उपलब्ध है.

नजदीकी चार्जिंग स्टेशन खोजने के अलावा, माई हुंडई ऐप के जरिए उपयोगकर्ता चार्जिंग स्टेशन तक नेविगेट कर सकते हैं, पहले से चार्जिंग स्लॉट बुक कर सकते हैं और एकीकृत इंटरफेस के माध्यम से डिजिटल भुगतान भी कर सकते हैं.

एचएमआईएल ने कहा कि यह एकीकृत नेटवर्क देशभर में औसतन 25 किलोमीटर के दायरे में चार्जिंग सुविधाओं तक पहुंच उपलब्ध कराता है. इसमें दिल्ली-गुरुग्राम-जयपुर, मुंबई-पुणे-बेंगलुरु, मुंबई-रत्नागिरी-गोवा, चेन्नई-वेल्लोर-बेंगलुरु और हैदराबाद-कर्नूल-बेंगलुरु जैसे प्रमुख राजमार्ग कॉरिडोर भी शामिल हैं.

कंपनी के अधिकारी ने क्‍या बताया? 

कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) तरुण गर्ग ने कहा कि भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने में चार्जिंग अवसंरचना एक महत्वपूर्ण आधार है. उन्होंने कहा, "माई हुंडई ऐप पर 30,000 से अधिक चार्जिंग प्वाइंट्स को एकीकृत कर हम EV उपयोगकर्ताओं को एक ही प्लेटफॉर्म के माध्यम से भारत के सबसे बड़े चार्जिंग नेटवर्क में से एक तक पहुंच उपलब्ध करा रहे हैं. सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह प्लेटफॉर्म सभी ब्रांडों के EV मालिकों के लिए खुला है, जो भारत के व्यापक इलेक्ट्रिक वाहन इकोसिस्टम के विकास के प्रति एचएमआईएल की प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है."

इसके अलावा, कंपनी ने वर्ष 2030 तक अपने स्वामित्व वाले डीसी फास्ट पब्लिक चार्जिंग नेटवर्क का विस्तार करने की योजना की भी घोषणा की. इसके तहत मौजूदा 183 स्टेशनों की संख्या बढ़ाकर 600 की जाएगी.

एचएमआईएल के अनुसार, उसकी चार्जिंग अवसंरचना के माध्यम से अब तक 3 लाख से अधिक EV चार्जिंग सत्र पूरे किए जा चुके हैं और 50 लाख किलोवाट-घंटे (केडब्ल्यूएच) से अधिक ऊर्जा उपलब्ध कराई गई है.

कंपनी ने दावा किया कि उसके चार्जिंग स्टेशनों के उपयोग से अब तक लगभग 35 लाख किलोग्राम कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन को रोका जा सका है.

कंपनी चालू वित्त वर्ष के दौरान एक मास-मार्केट इलेक्ट्रिक एसयूवी लॉन्च कर अपने इलेक्ट्रिक वाहन पोर्टफोलियो को और मजबूत करने की भी तैयारी कर रही है.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Hundai, EV Charging Stations, EV Charging Devices, EV Charging Impact India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com