मॉनसून सत्र के बीच संसद में मंगलवार को एनडीए की ओर से 'मंगल मिलन' का आयोजन किया जाएगा. इस कार्यक्रम का नाम मंगल मिलन इसलिए रखा गया है क्योंकि इसका आयोजन मंगलवार को ही होना है. यही नहीं कहा जा रहा है कि आने वाले हर सप्ताहों में मंगलवार को यह कार्यक्रम किया जाएगा. इस आयोजन में भाजपा ने एनडीए के सभी सहयोगी दलों को आमंत्रित किया है. एकनाथ शिंदे की शिवसेना, नीतीश कुमार की जेडीयू, चंद्रबाबू नायडू की टीडीपी समेत सभी सहयोगी दल मौजूद रहेंगे. उत्तर प्रदेश के लिहाज से भी यह अहम है, जहां अगले ही साल चुनाव होने वाले हैं.
यूपी के भी सुभासपा, अपना दल और निषाद पार्टी जैसे दलों के प्रतिनिधि बैठक में रह सकते हैं. जानकारी मिली है कि इस आयोजन में पीएम नरेंद्र मोदी को सभी दलों की ओर से बधाई दी जाएगी. वह अपने अब तक के कार्यकाल में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बना चुके हैं. इसे लेकर सहयोगी दल बधाई देंगे. इसके अलावा हाल ही में आम आदमी पार्टी को छोड़कर भाजपा का हिस्सा बनने वाले 6 राज्यसभा सांसदों का औपचारिक स्वागत भी किया जाएगा. संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू इनका स्वागत करेंगे.
जानकारी मिली है कि इस मीटिंग में नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया को आमंत्रित किया गया है. यह वही दल है, जिसमें ममता बनर्जी की टीएमसी से बागी हुए 20 सांसद शामिल हुए हैं. कहा जा रहा है कि इस दल को अब तक औपचारिक तौर पर एनडीए का हिस्सा नहीं माना गया है. इसलिए इनको न्योता नहीं दिया गया है. इस कार्यक्रम को पीएम नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे. माना जा रहा है कि इस दौरान वह संसद में आने वाले कुछ बिलों के बारे में भी बात कर सकते हैं और एकजुटता का संदेश दिया जा सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं