भारतीय टू-व्हीलर बाजार में इतिहास रचते हुए होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया ने अब तक का सबसे बड़ा लॉन्च किया है. कंपनी ने एक साथ 10 नए टू-व्हीलर्स को भारत में अनवील कर दिया है. इसमें 7 बिल्कुल नए मॉडल्स और 3 अपडेटेड बाइक्स शामिल हैं. होंडा का यह नया पोर्टफोलियो हर तरह के राइडर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिसमें एडवेंचर बाइक, क्रूजर, रोडस्टर, फैमिली इलेक्ट्रिक स्कूटर और एथेनॉल फ्यूल से चलने वाले वाहन शामिल हैं. आइए समझते हैं कि होंडा ने कौन-कौन से 10 धांसू टू-व्हीलर्स पेश किए हैं.
होंडा के इस नए लाइनअप में ADV 160, CB 500, Rebel 300, Rebel 500, XR 300L, XR 300 Rally, QC3 इलेक्ट्रिक स्कूटर के साथ-साथ अपडेटेड CB350 सीरीज की बाइक्स शामिल हैं. कंपनी इन सभी गाड़ियों को एक-एक कर भारतीय बाजार में उतारेगी.
Honda ADV 160: भारत का पहला E85 स्कूटर
शहरों की उबड़-खाबड़ सड़कों और एडवेंचर के शौकीनों के लिए Honda ADV 160 पेश किया गया है. इसमें 160cc का वाटर-कूल्ड इंजन, 27 लीटर का बड़ा बूट स्पेस और 8.1 लीटर का फ्यूल टैंक मिलता है. सबसे खास बात यह है कि यह भारत का पहला ऐसा स्कूटर होगा जो E85 (85 प्रतिशत एथेनॉल-ब्लेंडेड) ईंधन को सपोर्ट करेगा.
Honda CB 500: क्लासिक लुक वाला रोडस्टर
क्लासिक और रेट्रो डिजाइन पसंद करने वालों के लिए होंडा ने CB 500 हेरिटेज रोडस्टर पेश किया है. इसमें 501cc का सिंगल-सिलेंडर एयर/ऑयल-कूल्ड इंजन दिया गया है. कंपनी इसे तीन अलग-अलग वेरिएंट्स में बाजार में उतारेगी.
Rebel 300 और Rebel 500 क्रूजर सीरीज
लॉन्ग राइड्स और स्टाइलिश ड्राइविंग के लिए होंडा की रेबेल सीरीज ने दस्तक दी है. Rebel 300 में 286cc का इंजन और Rebel 500 में 471cc का पैरेलल-ट्विन इंजन दिया गया है. दोनों बाइक्स बॉबर स्टाइल, लो-सीट हाइट और E-Clutch तकनीक के साथ आती हैं, जिससे बिना क्लच दबाए गियर बदले जा सकते हैं.
Honda ने भारत में पेश की 2 खतरनाक क्रूजर बाइक्स, जानिए कम हाइट वालों के लिए क्यों हैं बेस्ट!
XR 300L और XR 300 Rally: एडवेंचर बाइक्स
ऑफ-रोडिंग और कठिन रास्तों के शौकीनों के लिए होंडा ने XR 300L और XR 300 Rally को पेश किया है. XR 300L एक हल्की और रोजमर्रा के इस्तेमाल वाली डुअल-पर्पज बाइक है, जबकि XR 300 Rally लंबी दूरी की ट्रेल टूरिंग और रेस-इंस्पायर्ड एडवेंचर राइडिंग के लिए बनाई गई है. दोनों में 293.5cc का दमदार इंजन मिलता है.
QC3 इलेक्ट्रिक स्कूटर और नया CB350 रेंज
इलेक्ट्रिक सेगमेंट में होंडा ने QC3 ईवी स्कूटर पेश किया है जो 151 किमी की रेंज, 3kWh बैटरी और 32 लीटर बूट स्पेस के साथ आता है. इसके साथ ही होंडा की लोकप्रिय CB350, CB350C और CB350RS मॉडर्न-क्लासिक बाइक्स को नए कलर ऑप्शंस और नए अवतार के साथ रिफ्रेश किया गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं