दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मशहूर नीली Maruti Suzuki Wagon R एक बार फिर चर्चा में है. इस बार आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता अरविंद केजरीवाल ने सार्थक गोस्वामी के पॉडकास्ट में इस कार से जुड़ी कहानी बताई. बातचीत के दौरान केजरीवाल ने अपने पुराने अंदाज में कई बेबाक और मजेदार जवाब दिए. इसी दौरान उन्होंने ये भी बताया कि उनकी वह फेमल ब्लू Wagon R अब कहां है और उसका बाद में क्या इस्तेमाल हुआ.
केजरीवाल की ये Wagon R उनके राजनीतिक सफर से लंबे समय तक जुड़ी रही है. कई लोगों के लिए ये कार सिर्फ एक गाड़ी नहीं, बल्कि उनकी साधारण छवि और जमीनी राजनीति की पहचान बन गई थी. यही वजह है कि पॉडकास्ट में इसका जिक्र होते ही सोशल मीडिया पर इसके वीडियो क्लिप और मीम तेजी से वायरल होने लगे.
केजरीवाल ने बताया Wagon R का अभी का हाल
सार्थक गोस्वामी के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान अरविंद केजरीवाल से उनकी ब्लू Wagon R के बारे में सवाल किया गया. ये सवाल लंबे समय से लोगों के बीच चर्चा में रहा है कि आखिर उनकी वो मशहूर कार बाद में कहां चली गई. केजरीवाल ने बताया कि पहली चुनावी जीत के बाद कुछ समय तक इसी कार का इस्तेमाल किया गया. बाद में ये कार खराब स्थिति में पहुंच गई और इसे इस्तेमाल के लायक नहीं माना गया. साल 2015 के बाद उन्होंने सरकारी गाड़ी का इस्तेमाल शुरू कर दिया. इसके बाद आम आदमी पार्टी के मुखिया इस Wagon R का इस्तेमाल आधिकारिक कामों के लिए करने लगे.
उनके इस जवाब के बाद सोशल मीडिया पर कार को लेकर फिर चर्चा शुरू हो गई. कई लोगों ने केजरीवाल की साधारण Wagon R की तुलना दूसरे नेताओं से जुड़ी महंगी और लग्जरी SUVs से की.
AAP की पहली बड़ी चुनावी जीत से जुड़ी थी कार
ब्लू Wagon R आम आदमी पार्टी के शुरुआती राजनीतिक सफर में एक खास पहचान बन गई थी. साल 2013 के दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान ये कार केजरीवाल और उनकी पार्टी की जमीनी राजनीति की तस्वीर बन गई थी. उस समय आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की राजनीति में बड़ा उलटफेर करते हुए 28 सीटों पर जीत हासिल की थी और कांग्रेस के समर्थन से अल्पमत सरकार बनाई थी.
अरविंद केजरीवाल ने नई दिल्ली विधानसभा सीट से तीन बार मुख्यमंत्री रह चुकी शीला दीक्षित को 22 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया था. इस जीत के बाद उनकी नीली Wagon R भी राजनीतिक चर्चा का हिस्सा बन गई. कार की साधारण पहचान और केजरीवाल की आम आदमी वाली राजनीतिक छवि के बीच एक मजबूत जुड़ाव दिखाई देता था. इसी वजह से यह Wagon R भारतीय राजनीति की चर्चित गाड़ियों में शामिल हो गई.
2005 की Wagon R थी केजरीवाल की कार
अरविंद केजरीवाल की ब्लू Maruti Suzuki Wagon R पहली पीढ़ी का मॉडल था, जिसे साल 2005 में रजिस्टर कराया गया था. ये कार आम आदमी पार्टी को दान में मिली थी और पार्टी के शुरुआती चुनावी अभियानों में इसका काफी इस्तेमाल हुआ. खासकर 2013 के दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के प्रचार में ये कार लगातार नजर आती थी. धीरे-धीरे यह Wagon R जमीनी राजनीति और आम आदमी वाली छवि का प्रतीक बन गई.
इस कार की खासियत इसकी लग्जरी नहीं, बल्कि इसकी सादगी थी. उस दौर में बड़े नेताओं के काफिले और महंगी SUVs की तुलना में एक साधारण हैचबैक में नजर आना केजरीवाल की राजनीतिक पहचान का हिस्सा बन गया था.
Wagon R में था 1.1 लीटर पेट्रोल इंजन
उस समय की Wagon R में 1.1 लीटर F10D 4-सिलेंडर पेट्रोल इंजन दिया गया था. यह इंजन 64 bhp की पावर और 84 Nm का टॉर्क पैदा करता था. इंजन के साथ 5-स्पीड मैनुअल या 3-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प मिलता था. शहर में गाड़ी की माइलेज करीब 12 से 15 kmpl बताई गई थी. कार की लंबाई 3,595 mm, चौड़ाई 1,495 mm और व्हीलबेस 2,400 mm था. Wagon R को इसके लंबे बॉडी डिजाइन की वजह से अंदर से काफी जगह वाली कार माना जाता था. इसमें पांच लोगों के बैठने की जगह थी और इसका केबिन रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिहाज से काफी उपयोगी था.
ये भी पढ़ें- कार का इंश्योरेंस खत्म होते ही हो गया एक्सीडेंट? ऐसे में कौन देगा नुकसान पैसा? समझ लें पूरी बात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं