BYD India ने अपनी गाड़ियों की कीमतों में भारी बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है. 1 जुलाई 2026 से कंपनी की चुनिंदा इलेक्ट्रिक गाड़ियां पूरे 1 लाख रुपये तक महंगी हो गई हैं. आइए जानते हैं कि कंपनी ने यह बड़ा कदम क्यों उठाया है और कौन-कौन सी कारों पर इसका असर पड़ने वाला है.
किन गाड़ियों पर चली महंगाई की कैंची?
कंपनी ने साफ किया है कि इस प्राइस हाइक का असर मुख्य रूप से तीन लोकप्रिय मॉडल्स पर पड़ेगा. इनमें प्रीमियम इलेक्ट्रिक एसयूवी 'BYD Atto 3', लग्जरी इलेक्ट्रिक सेडान 'BYD Seal' और हाल ही में चर्चा बटोरने वाली 'BYD Sealion 7' शामिल हैं.
कंपनी ने क्यों बढ़ाए गाड़ियों के दाम?
बीवाईडी इंडिया के मुताबिक, इनपुट कॉस्ट (लगातार बढ़ती लागत), महंगाई का दबाव और भारत में अपने डीलर नेटवर्क व नई टेक्नोलॉजी को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे लगातार निवेश की वजह से यह फैसला लेना पड़ा है.
कीमतों में बढ़ोतरी के बीच 'Comfort' लॉन्च
भले ही कंपनी ने कुछ वेरिएंट्स के दाम बढ़ाकर झटका दिया हो, लेकिन इसके साथ ही ग्राहकों के लिए एक अच्छी खबर भी दी है. बीवाईडी ने अपनी शानदार इलेक्ट्रिक एमपीवी eMAX 7 का एक नया वेरिएंट 'Comfort' बाजार में उतार दिया है. इस नए वेरिएंट की शुरुआती कीमत 27.90 लाख रुपये रखी गई है. सबसे बड़ी बात यह है कि इसमें अपग्रेड करके 71.8 kWh का बड़ा और दमदार बैटरी पैक दिया गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं