विज्ञापन

ऑटो सेक्टर में बंपर उछाल, जून में 24% बढ़ी पैसेंजर कारों की बिक्री, स्कूटर और SUV की भारी डिमांड

Passenger Vehicle Sales June 2026: घरेलू बाजार में रिकॉर्ड तोड़ बिक्री के साथ-साथ विदेशों में भी भारतीय गाड़ियों का डंका बज रहा है. सबसे ज्यादा डिमांड टू-व्हीलर की रही, जिसका एक्सपोर्ट 40.2 फीसदी बढ़ा. थ्री-व्हीलर का एक्सपोर्ट भी करीब 40 फीसदी उछला.

ऑटो सेक्टर में बंपर उछाल, जून में 24% बढ़ी पैसेंजर कारों की बिक्री, स्कूटर और SUV की भारी डिमांड
Auto Sales India: देश में कार, एसयूवी, बाइक और स्कूटर की मांग में जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है

भारतीय ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री के लिए जून 2026 का महीना बेहद शानदार रहा है. देश में जून 2026 के दौरान पैसेंजर व्हीकल, टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर की बिक्री में जोरदार बढ़त दर्ज की गई है. ऑटो इंडस्ट्री की संस्था SIAM के ताजा आंकड़ों से पता चलता है कि घरेलू बाजार में वाहनों की मांग लगातार मजबूत बनी हुई है.घरेलू बाजार के साथ-साथ विदेशों में भी भारतीय गाड़ियों की डिमांड तेजी से बढ़ी है, जिससे पूरी इंडस्ट्री की रफ्तार को नई ताकत मिली है.

पैसेंजर व्हीकल की बिक्री 24 फीसदी बढ़ी

SIAM के अनुसार, जून 2026 में कंपनियों ने डीलरों को 3,88,144 पैसेंजर व्हीकल भेजे. पिछले साल जून में यह संख्या 3,12,851 थी. यानी इस बार पैसेंजर व्हीकल की बिक्री में सालाना आधार पर 24.1 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. इससे साफ है कि कारों की मांग में अच्छी तेजी बनी हुई है.

SUV की मांग सबसे ज्यादा 

पैसेंजर व्हीकल में सबसे ज्यादा मांग यूटिलिटी व्हीकल यानी SUV की रही. जून में SUV की बिक्री 19.9 फीसदी बढ़कर 2,17,228 यूनिट पहुंच गई. वहीं पैसेंजर कार की बिक्री 15.7 फीसदी बढ़कर 98,610 यूनिट रही. वैन की बिक्री भी 9.5 फीसदी बढ़कर 10,230 यूनिट तक पहुंच गई.

टू-व्हीलर की बिक्री में भी अच्छी तेजी

त्योहारी सीजन से पहले टू-व्हीलर बाजार में भी तगड़ी रौनक लौट आई है. जून 2026 में टू-व्हीलर की बिक्री भी मजबूत रही. इस दौरान कंपनियों ने 18,51,400 टू व्हीलर डीलरों को भेजे, जबकि पिछले साल जून में यह संख्या 15,61,283 थी. यानी टू-व्हीलर की बिक्री में 18.6 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई.

टू-व्हीलर सेगमेंट में स्कूटरों ने मारी बाजी

टू-व्हीलर में सबसे ज्यादा तेजी स्कूटर की बिक्री में देखने को मिली. जून में स्कूटर की बिक्री 39.1 फीसदी बढ़कर 7,44,823 यूनिट पहुंच गई. वहीं मोटरसाइकिल की बिक्री 6.4 फीसदी बढ़कर 10,56,422 यूनिट रही. मोपेड की बिक्री में भी 50.4 फीसदी की शानदार बढ़त दर्ज हुई और यह 50,155 यूनिट तक पहुंच गई.

थ्री-व्हीलर और ई-रिक्शा की रफ्तार भी तेज

कमर्शियल और पैसेंजर थ्री-व्हीलर मार्केट में भी ग्राहकों ने खूब दिलचस्पी दिखाई है .जून 2026 में थ्री-व्हीलर की बिक्री में भी अच्छी तेजी देखने को मिली. इसकी बिक्री 26.1 फीसदी बढ़कर 77,951 यूनिट रही. पिछले साल इसी महीने यह आंकड़ा 61,828 यूनिट था.

इस दौरान पैसेंजर थ्री-व्हीलर की बिक्री 25 फीसदी बढ़कर 64,181 यूनिट पहुंच गई. वहीं सामान ढोने वाले थ्री-व्हीलर की बिक्री 29.4 फीसदी बढ़कर 11,828 यूनिट रही. ई-रिक्शा की बिक्री में भी 52.4 फीसदी की मजबूत बढ़त दर्ज की गई और इसकी बिक्री 1,590 यूनिट तक पहुंच गई.

विदेशों में भी बढ़ी भारतीय गाड़ियों की डिमांड

घरेलू बाजार के साथ-साथ भारत से वाहनों का एक्सपोर्ट भी तेजी से बढ़ा है. जून 2026 में कुल वाहन एक्सपोर्ट 34 फीसदी बढ़कर 6,73,105 यूनिट रहा.

टू-व्हीलर एक्सपोर्ट 40.2 फीसदी बढ़कर 5,43,684 यूनिट पहुंच गया. थ्री-व्हीलर एक्सपोर्ट में 39.7 फीसदी की बढ़त दर्ज हुई और यह 51,950 यूनिट रहा. वहीं पैसेंजर व्हीकल एक्सपोर्ट लगभग स्थिर रहा और इसकी संख्या 76,601 यूनिट दर्ज की गई.

लगातार मजबूत बनी हुई है मांग

इससे पहले मई 2026 में भी भारतीय ऑटो सेक्टर ने रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की थी. जून के आंकड़े बताते हैं कि देश में कार, SUV, स्कूटर, बाइक और थ्री व्हीलर की मांग लगातार मजबूत बनी हुई है. इससे ऑटो इंडस्ट्री की रफ्तार बनी रहने की उम्मीद बढ़ गई है.
 

ये भी पढ़ें- IBM को एक दिन ही में क्यों लगा 70 बिलियन डॉलर का चूना?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Passenger Vehicle Sales, Passenger Vehicle Sales Growth, Passenger Vehicle Sales In India, Auto Sales India, Two Wheeler Sales
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com