Ghar me wind chimes kaha lagaye: घरों की बालकनी, दरवाजे, या फिर पेड़-पौधों की डाल पर लगी विंड चाइम को आपने जरूर देखा होगा. चीनी वास्तु शास्त्र के अनुसार अलग-अलग धातु और लकड़ी आदि से बनी यह विंड चाइम (Wind Chime) न सिर्फ किसी स्थान की शोभा को बल्कि वहां की सकारात्मक ऊर्जा को भी बढ़ाती हैं. हवा के झोके से जब जब इसकी नलियां आपस में टकराती हैं तो उनसे उत्पन्न होने वाली आवाज उस जगह पर एक अलग ही शांति और सकून का अहसास कराती है. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर विंड चाइम को घर के किस कोने या फिर कहें स्थान पर लगाना चाहिए, जहां पर लगाने से इसकी शुभता और सकारात्मक ऊर्जा का पूरा लाभ उठाया जा सके.
घर में क्यों लगाते हैं विंड चाइम?
फेंगशुई के अनुसार विंड चाइम में लगी तमाम तरह की धातु वाली रॉड्स जब हवा के झोके के आपस में टकराती है तो उससे निकलने वाली ध्वनि किसी पवित्र मंत्र की तरह सकारात्मक ऊर्जा को आस-पास फैलाती है. यही कारण है कि लोग अपने पास के तनाव और नकारात्मक ऊर्जा से बचने और पॉजिटिव एनर्जी को हासिल करने के लिए अलग-अलग प्रकार की विंड चाइम घर के मुख्य द्वार, खिड़की, बालकनी आदि पर लगाते हैं.
कौन सी विंड चाइम्स कहां लगानी चाहिए?
फेंगशुई के अनुसार अलग-अलग दिशा में अलग-अलग प्रकार की विंड चाइम लगाने का नियम है. इसी प्रकार आप अपनी कामना के अनुसार भी इसे घर के अलग-अलग स्थान पर लगा सकते हैं. फेंगशुई के अनुसार मेटल वाली विंड चाइम पश्चिम या फिर उत्तर पश्चिम दिशा में लगाना चाहिए. मान्यता है कि विंड चाइम के इस उपाय से व्यक्ति को सुख-सौभाग्य के साथ करियर-कारोबार में सकारात्मक परिणाम मिलते हैं. इसी प्रकार लकड़ी या बांस की विंड चाइम को पूर्व या दक्षिण-पूर्व की दिशा में लगाने पर घर-परिवार में प्रेम और सामंजस्य बढ़ता है. इसी प्रकार सिरेमिक या फिर क्रिस्टल वाली विंड चाइम दक्षिण-पश्चिम या फिर ईशान कोण में लगाना शुभ माना जाता है. विंड चाइम्स को हमेशा ऊंचे स्थान पर लगाना चाहिए.
कितने छड़ वाली विंड चाइम्स लगाएं?
चार छड़ वाली विंड चाइम्स : फेंगशुई के अनुसार चार छड़ वाली विंड चाइम्स को मुख्य द्वार पर पर्दे के करीब लगाना चाहिए, ताकि जब कभी भी कोई प्रवेश करे तो उसकी ध्वनि से सकारात्मक ऊर्जा बढ़े.
पांच छड़ वाली विंड चाइम : मान्यता है कि पांच छड़ वाली विंड चाइम पंचतत्व को संतुलित करने काम करती है. इस विंड चाइम का प्रयोग स्टडी रूम में विशेष रूप से किया जाता है.
6 छड़ वाली विंड चाइम्स : फेंगशुई के अनुसार 6 छड़ों वाली विंड चाइम्स बेहद शुभ मानी जाती है. इसके शुभ फल को पाने के लिए हमेशा ड्राइंग रूम में लगाना चाहिए.
Guru Gochar 2026: 12 साल बाद..12 राशियों पर..गुरु का गोचर आखिर कैसा डालेगा असर?
सात छड़ वाली विंड चाइम्स : फेंगशुई के अनुसार सात छड़ वाली विंड चाइम्स हमेशा पश्चिम दिशा में लगाना चाहिए. इसके शुभ प्रभाव से व्यक्ति की रचनात्मकता बढ़ती है.
आठ छड़ वाली विंड चाइम्स : फेंगशुई के अनुसार 8 छड़ वाली चाइम्स को उस स्थान पर लगाना चाहिए, जहां पर अक्सर कोई न कोई बाधा आ रही हो या फिर जहां पर अक्सर आपका मन परेशान रहता हो, लेकिन ध्यान रहे कि विंड चाइम्स को कभी भी बाथरूम के पास नहीं लगाना चाहिए.
नौ छड़ वाली विंड चाइम्स : 9 छड़ वाली विंड चाइम्स को कार्यक्षेत्र में लगाना ज्यादा फलदायी माना गया है. मान्यता है कि इसके शुभ प्रभाव से मन एकाग्र होता है और कार्यक्षमता बढ़ती है.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं