Retrograde Mercury Astro Remedies: नवग्रहों का राजकुमार कहे जाने वाले बुध ग्रह को ज्योतिष में बुद्धि, वाणी और व्यापार का कारक माना जाता है. यह मिथुन और कन्या राशि का स्वामी होता है और यदि किसी की कुंडली में शुभ हो तो उसकी दिमाग बेहद तेज और वाणी आकर्षक होती है. ऐसे लोगों अपनी बात से हर किसी को लाजवाब कर देते हैं. वहीं कुंडली में बुध के कमजोर होने या फिर कहें दोष होने पर व्यक्ति को त्वचा, वाणी, करियर-कारोबार आदि से जुड़ी समस्याएं झेलनी पड़ती हैं. यदि आप भी बुध ग्रह के वक्री होने के कारण प्रभावित हैं और आपको तमाम तरह की समस्याओं से जूझना पड़ रहा है तो सभी संकटों से मुक्ति पाने के लिए आप नीचे बताए गये सरल सनातनी उपायों को कर सकते हैं.

बहन और कन्याओं का करें सम्मान
ज्योतिष के अनुसार बुध का संबंध बहन, बुआ और बेटी से होता है. ऐसे में बुध ग्रह से जुड़े दोषों से बचने और उसकी शुभता को पाने के लिए बुआ-बहन आदि का विशेष ख्याल रखते हुए उन्हें हमेशा प्रसन्न रखें.
किन्नरों को प्रसन्न करके मांगे आशीर्वाद
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार किन्नरों का संबंध बुध ग्रह से होता है. ऐसे में यदि वक्री बुध से जुड़े दोष और उसे होने वाली परेशानियों से बचने के लिए किन्नरों को अपने सामर्थ्य के अनुसार दान करना चाहिए. बुध ग्रह की शुभता को पाने के लिए किन्नरों को कभी खाली हाथ न जाने दें और उन्हें प्रसन्न करके उनका आशीर्वाद प्राप्त करें.

गाय को खिलाएं हरा चारा
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार यदि बुधवार के दिन गाय अथवा गोवंश को हरा चारा खिलाया जाए तो बुध ग्रह से जुड़े दोष दूर होते हैं. इसी प्रकार पक्षियों को भीगी हुई मूंग खिलाने से बुध ग्रह की शुभता प्राप्त होती है.
बुधवार को बुध ग्रह की करें विशेष पूजा
यदि आपकी कुंडली में बुध ग्रह से जुड़ा कोई दोष है तो उससे बचने के लिए आपको प्रत्येक बुधवार को किसी नवग्रह मंदिर में जाकर बुध देवता की विधि-विधान से पूजा और बुध के मंत्र ‘ॐ ब्रां ब्रीं ब्रौं स: बुधाय नम:' का जप करना चाहिए.

गणपति बनाएंगे हर बिगड़े काम
यदि आपकी कुंडली में बुध ग्रह से जुड़ा दोष हो या फिर कहें वक्री बुध के कारण आप परेशान चल रहे हों तो आपको जीवन से जुड़ी हर अड़चन को दूर करने और सुख-सौभाग्य को पाने के लिए बुधवार के दिन विशेष रूप से गणपति की उपासना करना चाहिए. बुध ग्रह की शुभता को पाने के लिए बुधवार के दिन गणपति को 21 दूर्वा की गांठ चढ़ाकर उनकी विधि-विधान से पूजा करें.
Budh Gochar 2026: वक्री बुध के गोचर से 4 राशियों की चमकेगी किस्मत, जानें अपना भी हाल
स्नान और कपड़े से जुड़ा उपाय
यदि वक्री बुध के कारण आपको करियर-कारोबार से लेकर निजी जीवन में तमाम तरह की बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है तो उसे दूर करने के लिए आपको बुधवार के दिन पानी में थोड़ी सी इलायची, जायफल, शहद डाल कर स्नान करना चाहिए और इस दिन हरे रंग के कपड़े पहनना चाहिए.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं