Brihaspati ke jyotish upay: ज्योतिष में गुरु ग्रह को गुडलक का कारक माना जाता है. कुंडली में बृहस्पति के मजबूत होने पर व्यक्ति अत्यंत ही बुद्धिमान, ज्ञानी, भाग्यशाली, धन-संपन्न और आस्थावान होता है. ऐसे जातक की धर्म-कर्म में विशेष रुचि होती है. बृहस्पति की शुभता उसे जीवन के हर कदम पर सुख-सफलता और सौभाग्य प्रदान करती है, लेकिन वहीं इसके कमजोर या फिर इससे जुड़े दोष होने पर जातक को तमाम तरह की परेशानी और दुख झेलने पड़ते हैं. आइए जानते हैं कि गुरुवार के दिन आखिर किन ज्योतिष उपायों को करने पर गुरु ग्रह के दोष दूर और उसकी शुभता बढ़ती है.
बृहस्पति को मनाने के लिए रखें गुरुवार का व्रत
ज्योतिष के अनुसार यदि किसी व्यक्ति की कुंडली में गुरु ग्रह कमजोर होकर अशुभ फल का कारण बन रहा हो तो उसे देवगुरु बृहस्पति की कृपा पाने के लिए हर गुरुवार को व्रत रखना चाहिए. बृहस्पति देवता के शुभ फल पाने के लिए उसे कम से कम 16 गुरुवार विधि-विधान पूजा और उपवास करना चाहिए.
गुरुवार को करें पूजा का ये विशेष उपाय
हिंदू मान्यता के अनुसार यदि जातक को गुरु ग्रह की शुभता या फिर कहें उसका आशीर्वाद पाना हो तो उसे प्रत्येक गुरुवार को तन और मन से पवित्र होने के बाद केले के पेड़ और देवगुरु बृहस्पति की विशेष पूजा पीले पुष्प, हल्दी, पीला चंदन, पीले वस्त्र, पीले रंग की मिठाई, गुड़, चने की दाल आदि अर्पित करते हुए करनी चाहिए.
मंत्र से भी बरसता है देवगुरु का आशीर्वाद
ज्योतिष के अनुसार किसी भी ग्रह की शुभता को पाने के लिए मंत्र जप उत्तम उपाय माना गया है. ऐसे में बृहस्पति को बली बनाने के लिए व्यक्ति को गुरुवार के दिन पूजा के दौरान ‘ॐ बृं बृहस्पतये नमः' अथवा ‘ॐ ग्रां ग्रीं ग्रौं सः गुरवे नमः' मंत्र का अधिक से अधिक जप करना चाहिए. गुरु ग्रह के इस मंत्र को सिद्ध करने के लिए व्यक्ति को इसे हल्दी या फिर पीले चंदन की माला से जपना चाहिए.
गुरु सेवा से प्राप्त होंगे बृहस्पति के शुभ फल
ज्योतिष के अनुसार गुरुवार के दिन गुरु की सेवा से भी देवगुरु बृहस्पति शीघ्र ही प्रसन्न होकर अपना आशीर्वाद बरसाते हैं. ऐसे में व्यक्ति को गुरुवार के दिन अपने गुरु का दर्शन, पूजन और उनकी सेवा करके प्रसन्न करने का प्रयास करना चाहिए. कुंडली के गुरु ग्रह को मजबूत करने के लिए अपने गुरु का सम्मान करें और गुरुवार के दिन अपने सामर्थ्य के अनुसार पीले वस्त्र, पीले फल और पूजा की सामग्री आदि देकर आशीर्वाद प्राप्त करें.
Wind Chimes Benefits: घर में किस दिशा में लगाना चाहिए विंड चाइम, जानें इससे जुड़े नियम और फायदे
तिलक से बढ़ेगी गुरु ग्रह की ताकत
ज्योतिष के अनुसार नवग्रहों की शुभता को पाने के लिए तिलक को धारण करना उत्तम उपाय माना गया है. ऐसे में गुरु ग्रह के शुभ फल को पाने के लिए व्यक्ति गुरुवार के दिन विशेष रूप से हल्दी या केसर का तिलक लगाना चाहिए. ज्योतिष के अनुसार इस हल्दी अथवा केसर को चांदी की कटोरी पर रखें और उसे सबसे पहले भगवान विष्णु या देवगुरु बृहस्पति को अर्पित करें. इसके बाद उसे प्रसाद स्वरूप अपने माथे पर लगाएं.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं