यह ख़बर 07 नवंबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार ने क्या दिया, विचार करें : सोनिया गांधी

रायपुर:

छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बस्तर के कोंडागांव में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के शासनकाल में छत्तीसगढ़ असुरक्षित हुआ। सोनिया ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कुशासन है और यहां गरीबी बढ़ी है।

सोनिया ने कहा, केंद्र की यूपीए सरकार ने गरीबों के लिए कई योजनाएं बनाई हैं, लेकिन राज्य सरकार यहां केंद्र की योजनाएं लागू नहीं करती। वह सिर्फ बड़ी-बड़ी बातें करती है। यहां महिलाएं भी असुरक्षित हैं। यहां के लोग पलायन कर रहे हैं। सोनिया ने उपस्थित जनसमूह से कहा कि भाजपा ने क्या दिया, इस पर वे विचार करें। सोनिया ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में इस बार कांग्रेस ही सरकार बनाएगी।  उन्होंने नक्सली समस्या पर कहा कि यूपीए सरकार नक्सली समस्या से निपटने के लिए कारगर कदम उठा रही है। कांग्रेसी नेताओं ने यहां बलिदान दिया है।

कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लाखों वनवासियों को उनके हक नहीं दिए गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों से आदिवासियों को फायदा होगा और किसानों को भी विकास का हिस्सेदार बनाया जाएगा।

सोनिया गांधी के दौरे और नक्सल प्रभावित इलाका होने की वजह से यहां सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए गए। बस्तर में 11 नवंबर को पहले चरण का मतदान होगा। छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक रामनिवास ने बताया कि राज्य में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की सभाओं को ध्यान में रखते हुए यहां सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है तथा पुलिस को सतर्क कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नेताओं की सभाओं को लेकर पुलिस को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। राज्य की पुलिस को जानकारी मिली है कि नक्सली चुनाव को प्रभावित करने के लिए राजनीतिक दलों के नेताओं पर हमले कर सकते है। सूचना के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com