किसी फिल्म की रिलीज पर छुट्टी लेते लोगों के बारे में तो आपने सुना होगा, लेकिन क्या कभी किसी वीडियो गेम के लिए पूरी कंपनी बंद होते देखी है. अमेरिका की एक कंपनी ने GTA 6 की रिलीज के दिन कामकाज रोकने का ऐलान कर दिया है. वजह जानकर आप भी मुस्कुरा देंगे. कर्मचारियों ने पहले ही साफ कर दिया था कि उस दिन उनका ध्यान ऑफिस में नहीं, बल्कि गेम की दुनिया में होगा. अब कंपनी का पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
GTA 6 की रिलीज पर कंपनी ने लिया बड़ा फैसला
जानकारी के अनुसार, अमेरिका के दक्षिणी कैलिफोर्निया स्थित स्पेशलिटी कार पार्ट्स बनाने वाली 'Burger Motorsports' ने एक आधिकारिक नोटिस जारी कर बताया कि 19 नवंबर 2026 को कंपनी का कामकाज अस्थायी रूप से बंद रहेगा. यह वही दिन है, जब लंबे इंतजार के बाद GTA 6 लॉन्च होने जा रहा है.
कर्मचारियों ने पहले ही मांग ली छुट्टी
कंपनी के अनुसार, कई कर्मचारियों ने पहले ही प्रबंधन को बता दिया था कि वे गेम रिलीज वाले दिन उपलब्ध नहीं रहेंगे. कुछ ने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि वे उस दिन 'Vice City' में होंगे. GTA 6 की कहानी काल्पनिक शहर Vice City में बेस्ड है.
इन विभागों पर पड़ सकता था असर
कंपनी ने कहा कि कर्मचारियों की अनुपस्थिति के कारण कई विभाग प्रभावित हो सकते थे. इनमें कस्टमर सपोर्ट, ऑर्डर प्रोसेसिंग, शिपिंग, इंजीनियरिंग, सोशल मीडिया और जर्नल प्रोडक्टिविटी शामिल हैं. इसी वजह से पूरे दिन के लिए कामकाज रोकने का फैसला लिया गया.
कंपनी का मजेदार मैसेज हुआ वायरल
कंपनी ने अपने नोटिस में मजाकिया अंदाज में लिखा कि सामान्य कामकाज तब शुरू होगा जब कर्मचारी गेम की शुरुआती दुनिया को एक्सप्लोर कर लेंगे. कम से कम एक मिशन पूरा कर लेंगे और फिर वास्तविक दुनिया में लौट आएंगे. कंपनी का यह मैसेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
13 साल बाद आ रहा है GTA 6
Rockstar Games ने हाल ही में GTA 6 का आधिकारिक कवर आर्ट जारी किया है और बताया है कि गेम की प्री-ऑर्डर बुकिंग 25 जून से शुरू होगी. GTA 6 को 19 नवंबर 2026 को रिलीज किया जाएगा. यह GTA 5 के लगभग 13 साल बाद आ रहा है. इसलिए गेमिंग समुदाय में इसे लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है.
सोशल मीडिया पर लोगों का रिएक्शन
कंपनी के इस फैसले पर सोशल मीडिया यूजर्स भी खूब मजे ले रहे हैं. कई लोगों का कहना है कि GTA 6 सिर्फ एक गेम नहीं, बल्कि एक ऐसा इवेंट बन चुका है जिसके लिए लोग छुट्टियां लेने तक को तैयार हैं. वहीं कुछ यूजर्स ने मजाक में कहा कि ऐसी छुट्टी हर कंपनी को देनी चाहिए.
ये भी पढ़ें: 'मैराथन दौड़ीं, कंपनी बनाई', न्यूयॉर्क की CEO ने कहा उनकी दादी अब भी नाराज हैं कि उनकी शादी नहीं हुई
ये भी पढ़ें: 82 की उम्र में 12 घंटे की मेहनत और सिर्फ 300 की कमाई, मनसुख काका का जज्बा देख छलक जाएंगे आंसू
ये भी पढ़ें: गाड़ी के नीचे आने वाला था बिल्ली का बच्चा, पुलिसवाले ने ऐसे बचाई जान, दिल छू लेने वाला वीडियो वायरल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं