यह ख़बर 18 अगस्त, 2011 को प्रकाशित हुई थी

पाक में भी होगा भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन

खास बातें

  • अन्ना हजारे से प्रेरित होने वाले शख्स का नाम जहांगीर अख्तर है और उनकी शिकायत है कि भ्रष्टाचार पाकिस्तान में गम्भीर बीमारी बन चुका है।
नई दिल्ली:

भ्रष्टाचार के खिलाफ अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे अन्ना हजारे से प्रेरणा लेकर पाकिस्तान के एक 68 वर्षीय व्यक्ति ने भी 12 सितम्बर से इस्लामाबाद में इसी मुद्दे को लेकर भूख हड़ताल पर बैठने की योजना बनाई है। अन्ना हजारे से प्रेरित होने वाले शख्स का नाम जहांगीर अख्तर है और उनकी शिकायत है कि भ्रष्टाचार पाकिस्तान में गम्भीर बीमारी बन चुका है। सामाजिक कार्यकर्ता अख्तर चाहते हैं कि पाकिस्तान की संसद में भी भारत की तरह ही भ्रष्टाचार के खिलाफ एक विधेयक पेश किया जाए। भारत में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे आंदोलन पर नजर रखने वाले अख्तर ने कहा, "मैं यह मांग करता हूं कि नेशनल एसेम्बली में भ्रष्टाचार के खिलाफ विधेयक पेश किया जाए।" उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में भी वैसा ही विधेयक पेश किया जाना चाहिए जैसा भारत में हो रहा है। अख्तर ने इस्लामाबाद से फोन पर आईएएनएस के साथ विशेष बातचीत में बताया, "पाकिस्तान में भारत से अधिक भ्रष्टाचार है..बहुत ज्यादा।" ऐसा नहीं है कि अख्तर यह काम पहली बार कर रहे हैं। वह याद करते हुए कहते हैं, "इस्लामाबाद में व्यापारियों की मांग को लेकर एक बार मैं 22 दिनों की भूख हड़ताल पर बैठा था।" इसके बाद वह एक बार फिर आठ दिनों के लिए हड़ताल पर बैठे थे। अख्तर का कहना है कि उनका परिवार इसमें हस्तक्षेप नहीं करता है। उन्होंने कहा कि भूख हड़ताल को लेकर वह संकल्पित हैं। अख्तर भ्रष्टाचार के अलावा एक अन्य मुद्दे को भी उठाना चाहते हैं और यह मुद्दा यह है कि पाकिस्तान अपने रक्षा बजट में लगातार वृद्धि कर रहा है क्योंकि ऐसा भ्रम फैलाया गया है कि भारत की वजह से पाकिस्तान की स्थिरता को खतरा है। अख्तर कहते हैं, " इस तरह का भ्रम नेताओं के एक समूह की ओर से फैलाया गया है लेकिन वे उस सवाल का जवाब नहीं दे पाते हैं कि..किस स्तर पर पाकिस्तान को खतरा है।"


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com