विज्ञापन
This Article is From Sep 26, 2013

मुंबई है दुनिया का दूसरा सबसे ईमानदार शहर : सर्वेक्षण

वाशिंगटन: भारत में सपनों का शहर कहा जाने वाला मुंबई दुनिया का दूसरे सबसे ईमानदार शहर है। एक सर्वेक्षण में यह दावा किया गया है।

फिनलैंड की राजधानी हेलसिंकी दुनिया के सबसे ईमानदार शहरों की सूची में पहले स्थान पर रहा, जबकि पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन को सबसे निचले पायदान पर रखा गया है।

‘रीडर्स डायजेस्ट’ पत्रिका द्वारा चार महाद्वीपों के 16 शहरों में बेहद ही अनोखे अंदाज में ईमानदारी का सर्वेक्षण कराया गया। हर शहर में अलग-अलग स्थानों पर बटुए गिराए गए और फिर देखा गया कि किस शहर में कितने लोग बटुए वापस करते हैं। इस आधार पर शहर को ईमानदार शहरों की सूची में स्थान दिया गया।

पूरे सर्वेक्षण के दौरान कुल 192 बटुए यूरोप, उत्तरी अमेरिका, दक्षिण अमेरिका तथा एशिया के शहरों में गिराए गए। हर बटुए में एक मोबाइल फोन नंबर, पारिवारिक फोटो, कूपन, व्यावसायिक कार्ड तथा 50 डॉलर नगद रखे गए थे।

बटुओं को पार्क, शापिंग मॉल तथा सड़कों के किनारे गिराया गया। गिराने के बाद सर्वेक्षण में शामिल लोगों ने देखा कि वहां क्या होता है। हेलिंस्की में 12 बटुए गिराए गए थे, जिनमें 11 को वहां के लोगों ने लौटा दिया।

मुंबई में भी सर्वेक्षण करने वालों ने 12 बटुए गिराए, जिनमें से नौ को स्थानीय लोगों ने वापस कर दिया। मुंबई के जनरल पोस्ट ऑफिस के निकट गिराए गए बटुए को वैशाली नामक महिला तथा स्टाम्प बेचने वाले एक व्यक्ति ने वापस किया। दो बच्चों की मां वैशाली कहती हैं, ‘‘मैं अपने बच्चों को ईमानदार होने की शिक्षा देती हूं। यही शिक्षा मेरे माता-पिता ने मुझे दी थी।’’

बटुआ लौटाने वाला एक अन्य व्यक्ति राहुल राय 27 वर्षीय वीडियो एडिटर है।

विश्व के तीसरे सबसे ईमानदार शहर का रुतबा दो शहरों न्यूयॉर्क और बुडापेस्ट को मिला। इन दोनों शहरों में 12 बटुओं में से आठ को वापस कर दिया गया।

रूस की राजधानी मॉस्को और नीदरलैंड की राजधानी एम्सटर्डम में लोगों ने सात बटुए वापस किए। जर्मनी की राजधानी बर्लिन तथा स्लोवेनिया की राजधानी जुबजाना के लोगों ने छह-छह बटुए वापस किए।

लंदन तथा पोलैंड की राजधानी वारसा में लोगों ने पांच-पांच बटुए लौटाए। इन दोनों शहरों को संयुक्त रूप से नौवां स्थान मिला।

विश्व के सबसे ईमानदार शहरों की सूची में रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट, रियो दी जनेरियो तथा ज्यूरिक 11वें स्थान पर रहे। इन शहरों में लोगों ने 12 बटुओं में से सिर्फ चार वापस किए।

चेक गणराज्य की राजधानी के लोगों ने तीन बटुए लौटाए तो मैड्रिड के लोगों ने दो तथा लिस्बन के लोगों ने सिर्फ एक बटुआ लौटाया।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
ईमानदार शहर, मुंबई, रीडर्स डायजेस्ट, सर्वे, Honest City, Mumbai, Reader's Digest, Survey
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com