ग्रीस में एक कुत्ते की हैरान कर देने वाली कहानी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. नौ महीने का एक कुत्ता, जिसका नाम एस्प्रौलिस (Asproulis) है, बर्फ से ढके पहाड़ पर 9 दिन तक बिना खाने के जिंदा रहा. आखिरकार पर्वतारोहियों की एक टीम ने उसे ढूंढकर सुरक्षित नीचे उतारा.
ट्रेकर्स के पीछे-पीछे पहाड़ पर पहुंच गया
ग्रीक अखबार प्रोटो थेमा की एक रिपोर्ट के अनुसार, असप्रूलिस अपने मालिक क्रिस्टोस ज़ाचारिस (Christos Zacharis) के साथ हलिकी (Haliki) गांव में रहता है. जैकरिस गांव में एक पारंपरिक कैफे चलाते हैं. एक दिन फ्रांस से आए कुछ स्की पर्वतारोही उनके कैफे पर रुके. तभी असप्रूलिस उनके पीछे-पीछे चल पड़ा और पहाड़ की ओर निकल गया. कुत्ता पर्वतारोहियों के साथ लगभग चोटी तक पहुंच गया, लेकिन खतरनाक और फिसलन भरे रास्ते के कारण वह वापस नीचे नहीं आ सका और वहीं फंस गया.
1900 मीटर की ऊंचाई पर 9 दिन तक जिंदा रहा
बताया गया कि असप्रूलिस करीब त्सोकारेला शिखर (Tsoukarela Peak) के पास लगभग 1,900 मीटर की ऊंचाई पर फंसा रहा. बर्फ और बेहद ठंडे मौसम में उसने 9 दिन तक बिना खाना खाए गुजारा. इस दौरान उसके मालिक और स्थानीय लोग उसकी तलाश कर रहे थे.
पर्वतारोहियों ने सुनी मदद की आवाज
5 मार्च को कुछ ग्रीक पर्वतारोही उसी पहाड़ की चढ़ाई कर रहे थे. तभी उन्हें दूर से किसी कुत्ते के रोने जैसी आवाज सुनाई दी. टीम की सदस्य मरीना कोराकी (Marina Koraki) ने बताया कि बर्फ में सफेद रंग होने के कारण कुत्ता दिखाई नहीं दे रहा था, लेकिन उसकी आवाज सुनकर उन्हें अंदाजा हुआ कि वह मदद मांग रहा है. इसके बाद टीम दो हिस्सों में बंट गई. कुछ लोग चढ़ाई जारी रखने लगे, जबकि अनुभवी पर्वतारोही कुत्ते को ढूंढने निकल पड़े.
कमजोर हालत में मिला लेकिन जिंदा
जब पर्वतारोहियों ने असप्रूलिस को ढूंढा तो वह बहुत कमजोर हो चुका था. कई दिनों तक खाना न मिलने की वजह से उसका कॉलर भी ढीला पड़ गया था. टीम ने पहले उसे खाना खिलाया और फिर सावधानी से उसे नीचे लेकर आए. बाद में उसे उसके मालिक को सौंप दिया गया.
मालिक की खुशी का ठिकाना नहीं
अपने पालतू कुत्ते को सुरक्षित देखकर क्रिस्टोस जैकरिस बेहद खुश हो गए. घर पहुंचते ही असप्रूलिस शांत होकर सोफे पर बैठ गया, मानो लंबी मुश्किल यात्रा के बाद आखिरकार उसे आराम मिल गया हो. पर्वतारोहियों ने बताया कि नीचे आते समय कुत्ता हर व्यक्ति के पास जाकर जैसे उनका धन्यवाद कर रहा था. यह पूरी घटना अब सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रही है और कई लोग इसे एक चमत्कारिक बचाव की कहानी बता रहे हैं.
(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)
यह भी पढ़ें: 44 रु की दवा देख चौंक गया ऑस्ट्रेलियाई शख्स, भारत में दवाइयों की कीमत देख हुआ हैरान, बोला - अमेरिका में तो...
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं