यह ख़बर 03 जुलाई, 2014 को प्रकाशित हुई थी

आगरा तक दौड़ी देश की सबसे तेज रफ्तार रेलगाड़ी

फाइल फोटो

आगरा:

दिल्ली से आगरा का सफर अब और आसान होगा। 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार को छूने वाली हाई-स्पीड रेल का ट्रायल गुरुवार को सफल रहा।

रेलवे के अधिकारियों ने कहा कि देश में किसी रेलगाड़ी की यह सबसे तेज गति थी।

मंडल रेल प्रबंधक विजय सहगल ने कहा कि रेलगाड़ी ने 90 मिनट में दिल्ली से आगरा तक 200 किलोमीटर का सफर पूरा कर लिया।

सहगल ने कहा, "दस डिब्बे और दो जेनरेटर वाली रेलगाड़ी ने 160 किलोमीटर प्रति घंटे की गति को छुआ। नई दिल्ली से आगरा कैंट पहुंचने में 100 मिनट, जबकि निजामुद्दीन से आगरा कैंट पहुंचने में 90 मिनट लगे। ट्रायल सफल रहा, इसलिए हम जल्द ही हाई स्पीड रेलगाड़ी को चलाने के प्रति आश्वस्त हैं।"

एक दूसरे अधिकारी ने कहा कि रेलगाड़ी ने सुरक्षा के सभी मानकों को ध्यान में रखा।

अधिकारियों ने हालांकि कहा कि इस मार्ग पर हाई स्पीड रेल सेवा नए पर्यटन सीजन यानी अक्टूबर से शुरू होगी।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

नई दिल्ली से चंडीगढ़ और नई दिल्ली से कानपुर के बीच भी हाई स्पीड रेलगाड़ी चलाने की योजना है।