विज्ञापन
This Article is From Apr 23, 2011

'फोर्ब्स' की सूची में भारत की 57 कंपनियां

वाशिंगटन: चर्चित पत्रिका 'फोर्ब्स' की दुनिया की शीर्ष 2,000 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और ओएनजीसी सहित कुल 57 भारतीय कंपनियों को शुमार किया गया है। इन कंपनियों का चयन उनकी बिक्री, मुनाफे, संपत्तियों और बाजार कीमत के मूल्यांकन के आधार पर किया गया है। रिलायंस इंडस्ट्रीज इस सूची में 45.3 अरब डॉलर की बिक्री के साथ 121 वें स्थान पर है और भारतीय स्टेट बैंक (136, 29.1 अरब डॉलर), तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (172, 22.6 अरब डॉलर) और इंडियन ऑयल (243, 52.1 अरब डॉलर) भारतीय कंपनियों की सूची में अगले तीन प्रमुख स्थानों पर हैं। इस सूची में शामिल अन्य भारतीय कंपनियां आईसीआईसीआई बैंक, एनटीपीसी, कोल इंडिया, भारती एयरटेल, लार्सन एण्ड टूब्रो और टाटा मोटर्स हैं। इस सूची में दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी के रूप में जेपी मोर्गन चेज पहले स्थान पर है और एचएसबीसी दूसरे स्थान पर है। सूची में 701 कंपनियां एशिया-प्रशांत क्षेत्र की हैं। सूची में चीन की 121 कंपनियां शुमार हैं, जिनमें पेट्रोचाइना, आईसीबीसी और सिनोपेक शामिल हैं। जापान और दक्षिण कोरिया की कंपनियों ने भी पिछले साल के मुकाबले अपने स्थान में वृद्धि की है। अमेरिकी अर्थव्यवस्था की विकास दर पिछले 12 महीनों में तीन प्रतिशत पर स्थिर रही है, लेकिन इस सूची में शामिल अमेरिकी कंपनियों के मुनाफे में शानदार वृद्धि दर्ज की गई है। इन कंपनियों की बिक्री में वर्ष 2009 के मुकाबले 2010 में 12 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और मुनाफा 69 प्रतिशत बढ़ा है। हालांकि वैश्विक कारोबार में अमेरिका की पकड़ वर्ष 2004 के बाद से ही कमजोर होती जा रही है। वर्ष 2004 में इस सूची में शामिल अमेरिकी कंपनियों की संख्या 751 थी, जो कि अब घटकर 536 रह गई है। सूची की शीर्ष 100 कंपनियों में से सबसे ज्यादा 28 कंपनियां अमेरिकी हैं।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
फोर्ब्स सूची, भारतीय कंपनी, टॉप 2000 कंपनी
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com