विज्ञापन

'बड़े पार्सल की अलग फीस लगेगी', डिलीवरी बॉय ने रखी अजीब शर्त, महिला से बहस का वीडियो वायरल

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एक डिलीवरी एजेंट ग्राहक से 'बड़े पार्सल' की डिलीवरी के लिए एक्स्ट्रा पैसे मांगता नजर आ रहा है. जब महिला ने इस पर सवाल उठाया, तो डिलीवरी एजेंट ने साफ कह दिया कि अगर पैसे नहीं दिए गए, तो वह आगे से बड़े पार्सल की डिलीवरी नहीं करेगा.

'बड़े पार्सल की अलग फीस लगेगी', डिलीवरी बॉय ने रखी अजीब शर्त, महिला से बहस का वीडियो वायरल
डिलीवरी बॉय की बात सुनकर चौंकी महिला, VIDEO हुआ वायरल
(P.C- X)

आज के समय में ज्यादातर लोग ऑनलाइन शॉपिंग करना पसंद करते हैं. घर बैठे सामान ऑर्डर करना आसान होता है. वहीं, जब आप कोई चीज मंगवाते हैं, तो उसके बिल में पार्सल की डिलीवरी का चार्ज भी पहले से ही जुड़ा होता है. लेकिन इन दिनों सोशल मीडिया पर डिलीवरी से जुड़ा एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देख लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है. वीडियो में एक डिलीवरी बॉय महिला ग्राहक से 'बड़े पार्सल' की डिलीवरी के लिए एक्स्ट्रा पैसे मांगता नजर आ रहा है. वहीं, जब महिला ने इस पर सवाल उठाया, तो उसने साफ कह दिया कि वह आगे से बड़े पार्सल की डिलीवरी ही नहीं करेगा. आइए जानते हैं इस पूरे मामले के बारे में- 

क्या है पूरा मामला?

यह वीडियो 'घर के कलैश' नाम के एक एक्स अकाउंट से शेयर किया गया है. वीडियो में एक महिला अपने घर आए डिलीवरी बॉय से बात करती दिखाई देती हैं. महिला डिलीवरी बॉय से पूछती है, 'क्या बात है, आपको क्या चाहिए?' इस पर डिलीवरी बॉय कहता है कि बड़े पार्सल पहुंचाने के लिए उसे 20 रुपये अलग से देने होंगे.

महिला उसकी बात सुनकर हैरान रह जाती हैं और पूछती हैं, 'अगर मैं पैसे नहीं दूंगी तो क्या आप पार्सल नहीं देंगे?' इस पर डिलीवरी बॉय जवाब देता है कि वह छोटे पैकेट तो पहुंचा देगा, लेकिन बड़े पार्सल लाने के लिए उसे अलग से पैसे चाहिए होंगे. 

महिला ने फिर पूछा कि क्या बिना पैसे लिए वह बड़े पार्सल नहीं पहुंचाएगा? इस पर उसने दोबारा वही जवाब दिया कि अगर 20 रुपये एक्स्ट्रा नहीं मिलेंगे तो वह बड़े पार्सल की डिलीवरी नहीं करेगा.

इतना सुनने के बाद महिला इस मामले की शिकायत करने की बात करती हैं, हालांकि तब भी डिलीवरी बॉय घबराया नहीं. उल्टा वह महिला पर भड़ककर कहता है, 'ठीक है, कर दीजिए शिकायत.' महिला ने उसका नाम पूछा तो उसने बिना हिचकिचाए अपना नाम भी बता दिया. डिलीवरी बॉय की इसी हरकत के चलते अब यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. 

यहां देखें वीडियो- 

इस वीडियो को देखने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग राय सामने आ रही है. लोगों का कहना है कि ग्राहक पहले ही डिलीवरी चार्ज दे चुके होते हैं, ऐसे में अलग से पैसे मांगना बिल्कुल गलत है. वीडियो पर कमेंट करते हुए एक यूजर ने लिखा, 'ऐसा लग रहा है जैसे पार्सल उसी ने बनाया हो और पैदल चलकर पहुंचाया हो.' वहीं, एक दूसरे यूजर ने Meesho कंपनी को टैग करते हुए पूछा, 'जब ग्राहक पहले से डिलीवरी का पैसा दे रहे हैं, तो फिर 20 रुपये अलग से क्यों मांगे जा रहे हैं?' फिलहाल इस मामले पर कंपनी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)

यह भी पढ़ें- 100 रुपये के लालच में लाखों का नुकसान, दिल्ली में हो रहा नया स्कैम, गाड़ी चलाने वाले जान लें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Viral Video, Viral News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com