Viral Video: बेंगलुरु में रहने वाले शिवांक गोयल 30 की उम्र में रिटायर होना चाहते हैं. इसके लिए वो वर्क लाइफ बैलेंस भूलकर 25 की उम्र में एक साथ 3 काम कर रहे हैं. हाल ही में सोशल मीडिया पर अपना प्लान बताते हुए उन्होंने इन तीनों कामों से होने वाली कमाई का खुलासा किया है, जिसका वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है.
बैंक में प्रोडक्ट मैनेजर
शिवांक ने कहा, 'मैं एक बैंक में प्रोडक्ट मैनेजर के तौर पर काम करता हूं, जहां मेरी एक महीने की सैलरी करीब 1.5 लाख रुपये है. यहां मैं ऐसा दिखावा करता हूं जैसे मेरी जिंदगी एकदम सेट है और मैं कैपिटलिज्म में अपना पूरा योगदान दे रहा हूं. लेकिन सच कहूं तो, मुझे अपना काम काफी पसंद है. 9 टू 5 की इस जॉब से मुझे एक मकसद मिलता है और अपने वीकेंड्स को और भी खास बनाने की एक वजह भी मिलती है.'
डिजिटल कंटेंट क्रिएशन
शिवांक ने बताया कि वो हर महीने एवरेज लगभग 2 लाख रुपये डिजिटल कंटेंट क्रिएटर के तौर पर काम करके कमा रहे हैं. उन्होंने कहा, 'मैंने इसे बस एक शौक के तौर पर शुरू किया था, लेकिन अब यह मेरी कमाई का मुख्य जरिया बन गया है. सुनने में तो यह बहुत बढ़िया लगता है, लेकिन जब आप सोचेंगे कि मैंने अपने पसंदीदा काम को डेडलाइन्स और मेट्रिक्स में बांध दिया है, तो बात कुछ और ही लगेगी.'
'मेरा खुद का स्टार्टअप'
जॉब और कंटेंट क्रिएशन के अलावा शिवांक अपना सटार्टअप भी कर रहे हैं. वीडियो में उन्होंने बताया, 'मैं प्रोडक्ट मैनेजर्स के लिए इंटरव्यू की तैयारी कराने वाली एक वेबसाइट बना रहा हूं. इसका मतलब है कि अभी मैं ही इसका फाउंडर, प्रोडक्ट मैनेजर, डिजाइनर और डेवलपर हूं. अभी इससे कोई कमाई नहीं हो रही है, लेकिन जल्द ही इससे भी रेवेन्यू जनरेट होने लगेगा.' शिवांक के मुताबिक, सबकुछ ठीक से हुआ तो वो 30 की उम्र तक रिटायर हो सकते हैं.
वीडियो की आखिरी लाइन
शिवांक के आखिर में कहा, 'कभी-कभी मैं सोचता हूं कि मैं इतनी मेहनत इसलिए कर रहा हूं क्योंकि मुझे आजादी चाहिए, लेकिन अगर मैं अपना सारा समय काम करने में ही बिता दूं, तो आखिर मैं किस चीज के लिए आजाद होना चाहता हूं?'
यहां देखें पूरा वीडियो:-
'रिटायरमेंट के बाद क्या करोगे?'
इंस्टाग्राम पर इस वीडियो को देखने के बाद एक यूजर ने कमेंट बॉक्स में पूछा कि आप रिटायरमेंट के बाद क्या करोगे? शिवांक ने जवाब देते हुए कहा कि वो और ज्यादा काम करेंगे. लेकिन जब और जितना उनका मन करेगा उतना. इस वीडियो पर और भी कुछ लोगों ने कमेंट्स किए हैं जो काफी मजेदार हैं.
एक यूजर ने लिखा, 'मैं पूरे दिल से चाहता हूं कि यह सच हो जाए.'
दूसरे यूजर ने लिखा, 'आप बहुत प्रेरणादायक हैं और आखिरी लाइन तो सीधे दिल पर लगी.'
तीसरे यूजर ने लिखा, 'इस रील में आपने जो ईमानदारी दिखाई है, वह बहुत अच्छी लगी.'
चौथे यूजर ने लिखा, 'मैं इससे बहुत जुड़ाव महसूस करती हूं. बस फर्क इतना है कि मैं यह सब अपने 30 के दशक में कर रही हूं और 40 की उम्र तक रिटायर होना चाहती हूं.'
यह भी पढ़ें | न्यूयॉर्क से 3 हजार में पुराना पर्स खरीदकर लाई महिला, घर पहुंचकर देखा तो उसमें छिपे मिले 39 हजार रुपये
यह भी पढ़ें | कौन हैं तेजस सुदर्शन? जिन्होंने चेन्नई मेट्रो में 90 सेकंड के अंदर पीएम मोदी को समझाए अपने 2 एआई प्लान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं