विज्ञापन
This Article is From Mar 03, 2011

संतान प्राप्ति के लिए सौतेले बच्चे की बलि

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में अपने बच्चे की चाहत में तांत्रिक की सलाह पर एक महिला ने कथित रूप से अपने सौतेले बच्चे की बलि दे दी।
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में अपने बच्चे की चाहत में तांत्रिक की सलाह पर एक महिला ने कथित रूप से अपने सौतेले बच्चे की बलि दे दी। आरोपी महिला और तांत्रिक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बारह साल का दीपक नकुड़ थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव के बाहर खेत में मृत पाया गया था। उसके शरीर पर चोटों के निशान थे और गले के पास का मांस गायब मिला था। बलि देने की बात साबित हो जाने के बाद पुलिस ने महिला, उसके भाई और तांत्रिक को बुधवार देर शाम गिरफ्तार कर लिया। स्थानीय थाना प्रभारी बीआर वर्मा ने गुरुवार को यहां संवाददाताओं को बताया कि बच्चे के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आया है कि हत्या करने के बाद गले के पास का मांस निकाला गया। यह खुलासा होने के बाद हमें नरबलि का शक हुआ। वर्मा ने कहा कि जांच के दौरान पता चला कि बच्चे (दीपक) की मां अमरेश उसे जन्म देने के कुछ दिन बाद गुजर गई थी। जिसके बाद उसके पिता सुशील कश्यप ने माया नाम की महिला से शादी कर ली थी। शादी के बाद माया के छह बच्चे तो हुए लेकिन सभी की जन्म के समय मौत हो गई। वर्मा ने कहा कि शक के आधार पर हमने बुधवार को माया से पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल करते हुए कहा कि अपने भाई के साथ मिलकर उसने दीपक को फांसी पर लटकाकर मारा। उसने बताया कि तांत्रिक की सलाह पर उसने ऐसा किया था, जिसने उसे भरोसा दिलाया था कि बलि देने से उसे ऐसे पुत्र की प्राप्ति होगी जिसकी जन्म के समय मृत्यु नहीं होगी।
लेखक के बारे में
img
Indo Asian News Service
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
बलि, सहारनपुर, सौतेला बच्चा
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com