103 Year Old Kashiba Selling Tea: दुनिया में जहां लोग 60 की उम्र में रिटायरमेंट का बहाना ढूंढते हैं, वहीं वडोदरा की एक 'दादी मां' ने 103 साल की उम्र में महफिल लूट ली है. कांपते हाथ, चेहरे पर झुर्रियां, लेकिन आंखों में वो चमक जो बड़े-बड़े सूरमाओं को मात दे दे. दुनिया जब आराम की तलाश में अपनों का कंधा ढूंढती है, तब काशीबा अपनी चाय की प्याली से खुददारी की वो नई दास्तां लिख रही हैं, जिसे देखकर हर थका हुआ इंसान दोबारा जीने की जिद कर बैठेगा.
ये भी पढ़ें:-गजब की जिद! 9 साल में 139 बार फेल हुए, फिर भी नहीं मानी हार, अब जाकर पास की ड्राइविंग परीक्षा
इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहे इस वीडियो ने साबित कर दिया है कि उम्र तो बस एक नंबर है, असली खेल तो आपके इरादों का होता है. वडोदरा की महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी के पास अगर आप गुजरें, तो अदरक वाली चाय की एक ऐसी खुशबू आएगी जो आपको रुकने पर मजबूर कर देगी. यह दुकान किसी नौजवान की नहीं, बल्कि 103 साल की काशीबा की है. साक्षी सिंह नाम की यूजर ने जब इनका वीडियो शेयर किया, तो इंटरनेट पर दुआओं का सैलाब आ गया. काशीबा आज भी खुद अपने हाथों से अदरक कद्दूकस करती हैं और चाय का पतीला चढ़ाती हैं.
वक्त ने झुकाया, पर तोड़ नहीं पाया (inspiring stories India)
काशीबा की कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है. जिस उम्र में लोग अपनों के सहारे की तलाश करते हैं, वहां ये 'बा' खुद अपना सहारा बनी हुई हैं. वह चुपचाप अपनी छोटी सी दुकान चलाती हैं और किसी से कोई शिकायत नहीं करतीं. सोशल मीडिया पर लोग उन्हें 'असली इन्फ्लुएंसर' बता रहे हैं. उनके हाथ की चाय पीकर निकले छात्र आज भी उन्हें 'काकी' कहकर याद करते हैं.
ये भी पढ़ें:-मजाक नहीं हकीकत है! महिला ने बेचा 23 लाख का ग्रिल्ड चीज, सैंडविच पर दिखा था 'भगवान' का अक्स
सोशल मीडिया पर दुआओं का सैलाब (Netizens Saluting the 103-Year-Old Tea Seller)
जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, पूर्व छात्रों की यादें ताजा हो गईं. कोई उनके जज्बे को सलाम कर रहा है, तो कोई उनके हाथ के स्वाद को याद कर रहा है. यह वीडियो हमें सिखाता है कि मुश्किलें तो हर किसी की जिंदगी में आती हैं, लेकिन जीतता वही है जो मुस्कुराकर उनका सामना करे. काशीबा का यह अंदाज आजकल के युवाओं के लिए एक बड़ी सीख है.
(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर दी गई है. NDTV इसकी पुष्टि नहीं करता.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं