विज्ञापन

'रूस के सैटेलाइट का इस्तेमाल कर हमले कर रहा ईरान', जलेंस्की ने पुतिन-मोजतबा पर सांठगांठ का लगाया आरोप

आरोप है कि रूस के जासूसी सैटेलाइट्स लगातार खाड़ी देशों और वहां मौजूद अमेरिकी सैन्य बेस की हाई-रिजॉल्यूशन तस्वीरें ले रहे हैं और ईरान के भेज रहे हैं.

'रूस के सैटेलाइट का इस्तेमाल कर हमले कर रहा ईरान', जलेंस्की ने पुतिन-मोजतबा पर सांठगांठ का लगाया आरोप
जेलेंस्की ने बताया कि 19 और 20 जुलाई को रूसी सैटेलाइट ने चार क्षेत्रीय हवाई अड्डों पर फोकस किया था. इसमें दो बहरीन और एक जॉर्डन में और एक कुवैत में हैं.
ZelenskyyUa/X
कीव:

दुनियाभर के देशों को एक बार फिर बड़े युद्ध की आहट डराने लगी है. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूस को लेकर एक ऐसा सनसनीखेज दावा किया है, जिसने अमेरिका से लेकर खाड़ी देशों तक के होश उड़ा दिए हैं. जेलेंस्की का आरोप है कि रूस अब केवल यूक्रेन तक सीमित नहीं है, बल्कि वह अमेरिका और खाड़ी देशों में बने सैन्य ठिकानों की सैटेलाइट तस्वीरें और खुफिया जानकारियां सीधे ईरान को सौंप रहा है, ताकि वहां सटीक हमले किए जा सकें.

इतना ही नहीं, राष्ट्रपति जेलेंस्की ने यह खुलासा भी किया है कि यूक्रेन युद्ध के मैदान में तबाही मचाने के लिए रूस जल्द ही उत्तर कोरिया के 30,000 सैनिकों को अपनी सेना में शामिल करने जा रहा है.

खाड़ी देशों और अमेरिकी ठिकानों पर नजर

जेलेंस्की ने शनिवार को यूक्रेनी खुफिया एजेंसी की रिपोर्ट का हवाला देते हुए खुलकर बात रखी. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर भी जानकारी साझा करते हुए बताया कि जुलाई की शुरुआत से ही यूक्रेनी इंटेलिजेंस रूसी सैटेलाइट्स की गतिविधियों को ट्रैक कर रही है.

जेलेंस्की के मुताबिक, रूस के जासूसी सैटेलाइट्स लगातार खाड़ी देशों और वहां मौजूद अमेरिकी सैन्य बेस की हाई-रिजॉल्यूशन तस्वीरें ले रहे हैं. हैरानी की बात यह है कि ये तस्वीरें तुरंत ईरान के पास पहुंच जाती हैं.

जलेंस्की ने कहा, "हमारी खुफिया एजेंसी की रिपोर्ट बताती है कि रूसी सैटेलाइट्स से ली गई तस्वीरों और ईरान के हमलों के बीच एक सीधा कनेक्शन है. हमले की योजना बनाने से लेकर हमला करने और बाद में हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए इन्हीं रूसी सैटेलाइट इमेज का इस्तेमाल हो रहा है."

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने तारीखों के साथ खुलासा किया कि 19 और 20 जुलाई को रूसी सैटेलाइट्स ने खास तौर पर क्षेत्र के चार बड़े एयरबेस को निशाना बनाकर उनकी तस्वीरें लीं. इनमें से दो एयरबेस बहरीन में, एक जॉर्डन में और एक कुवैत में स्थित है. जेलेंस्की ने कहा कि वे इस पूरी जासूसी से जुड़े पुख्ता सबूत और दस्तावेज अपने वैश्विक साझेदारों और मित्र देशों के साथ साझा करने जा रहे हैं.

30,000 उत्तर कोरियाई सैनिक और बैलिस्टिक मिसाइलें

रूस और उत्तर कोरिया के बीच मजबूत होती दोस्ती पर चेतावनी देते हुए जेलेंस्की ने कहा कि व्लादिमीर पुतिन युद्ध के मैदान में अपने गिरते मनोबल को बचाने के लिए प्योंगयांग का सहारा ले रहे हैं.

जेलेंस्की ने कहा, "रूस की तैयारी उत्तर कोरिया से 30,000 अतिरिक्त सैनिकों की नई टुकड़ी हासिल करने की है. जून महीने से ही रूस के वोरोनेज़ इलाके में इन उत्तर कोरियाई सैनिकों को ठहराने और प्रशिक्षित करने के इंतजाम किए जा रहे हैं. सैनिकों के अलावा उत्तर कोरिया, रूस को नई बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्चर प्रणालियां देने की तैयारी में भी जुटा है."

जेलेंस्की ने आगाह किया कि यह गठजोड़ पूरे एशिया महाद्वीप के लिए खतरे की घंटी है. रूस की मदद से उत्तर कोरिया के सैनिक आधुनिक युद्ध लड़ने का अनुभव हासिल कर रहे हैं और अपने हथियारों को और घातक बना रहे हैं.

यह भी पढ़ें: पिता से अलग मिजाज के हैं मोजतबा खामेनेई, अमेरिका खुफिया रिपोर्ट में ईरान के न्यूक्लियर हथियार पर बड़ा दावा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Russia, Iran - U.S
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com