- तेहरान में अंतिम संस्कार कार्यक्रम चार से छह जुलाई तक आयोजित होंगे और इस दौरान तेहरान प्रांत में छुट्टी रहेगी
- अली खामेनेई को नौ जुलाई को उनके जन्मस्थान मशहद में दफनाया जाएगा, वहां भी सार्वजनिक अवकाश रहेगा
- उनके बेटे मोजतबा खामेनेई मार्च में सुप्रीम लीडर बने, लेकिन अभी तक सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं
ईरान ने मंगलवार को राजधानी तेहरान में दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार कार्यक्रम के लिए तीन दिन की सार्वजनिक छुट्टी की घोषणा की. कार्यक्रमों के प्रभारी IRGC कमांडर हसन हसनजादेह ने कहा, "शहीद नेता के पार्थिव शरीर के लिए विदाई समारोह और प्रार्थना सभा तेहरान के ग्रैंड मोसाला में शनिवार और रविवार, 4 और 5 जुलाई को आयोजित की जाएगी, और जनाजा जूलुस सोमवार, 6 जुलाई को होगा; इन तीन दिनों में तेहरान प्रांत में छुट्टी रहेगी."
इससे पहले, सरकारी मीडिया ने कहा था कि तेहरान में 4 और 5 जुलाई को छुट्टी रहेगी, जबकि देश के बाकी हिस्सों में 6 जुलाई को छुट्टी होगी.
ईरान के अधिकारियों को उम्मीद है कि इसमें करीब 2 करोड़ लोग शामिल होंगे. उत्तर में स्थित पवित्र शहर कोम में भी 7 जुलाई को श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. अली खामेनेई को 9 जुलाई को उत्तर-पूर्व में स्थित पवित्र शहर मशहद में दफनाया जाएगा, जो उनका जन्मस्थान है. इन दोनों शहरों में सार्वजनिक अवकाश भी रहेगा. पड़ोसी देश इराक में 8 जुलाई को कार्यक्रम तय किए गए हैं.
अंतिम संस्कार मूल रूप से मार्च में होना था, लेकिन मध्य पूर्व में युद्ध के कारण इसे टाल दिया गया था. यह युद्ध फरवरी में अमेरिका-इजरायल के हमलों के बाद शुरू हुआ था, जिसमें खामेनेई की मौत हो गई थी.
क्या कर दी गई मोजतबा के बारे में घोषणा?
अली खामेनेई के बेटे मोजतबा मार्च की शुरुआत में अपने पिता की जगह सुप्रीम लीडर बने. 1979 में इस्लामिक रिपब्लिक की स्थापना के बाद से इस पद पर बैठने वाले वे तीसरे व्यक्ति हैं. मोजतबा खामेनेई उस बम धमाके में घायल हो गए थे, जिसमें उनके पिता और अन्य अधिकारी मारे गए थे. अपनी नियुक्ति के बाद से वे सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दिए हैं और केवल आधिकारिक बयानों के जरिए ही अपनी बात रखते हैं. ऐसा माना जा रहा है कि अब अमेरिका से वार्ता पटरी पर लौटने के बाद मोजतबा सार्वजनिक रूप से इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं. हालांकि, आधिकारिक रूप से इसकी घोषणा नहीं हुई है.
ये भी पढ़ें-
भारत ने PoK में अशांति पर पाकिस्तान के 'मनगढ़ंत दावों' को खारिज किया, दुनिया से दखल की मांग की
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं