- मुजतबा खामेनेई को ईरान का नया सुप्रीम लीडर चुना गया है, जो अयातुल्लाह अली खामेनेई के बेटे हैं
- अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान के खिलाफ हमले कब खत्म होंगे, यह इजरायल के साथ मिलकर तय करने की बात कही
- इजरायल मुजतबा को उनके पिता की तरह टारगेट मानता है और ईरान के नए नेतृत्व को उसी तरह निपटाने की बात कही
अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद उनके बेटे मुजतबा खामेनेई को ईरान का सुप्रीम लीडर चुना गया है. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जब मोजतबा खामेनेई के सुप्रीम लीडर चुने जाने को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा है कि देखते हैं कि क्या होता है. द टाइम्स ऑफ इजरायल के साथ इस छोटे से टेलीफोन इंटरव्यू में उन्होंने ईरान के खिलाफ हमले रोकने को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने बताया कि जंग कब खत्म होगी और उस फैसले में इजरायल की क्या भूमिका होगी.
द टाइम्स ऑफ इजरायल ने जब उनसे पूछा कि ईरान के खिलाफ हमले कब खत्म करेंगे, तो अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि वह इजरायल के साथ मिलकर तय करेंगे कि ईरान के साथ युद्ध कब खत्म करना है. इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू इस फैसले का हिस्सा होंगे, लेकिन आखिरी फैसला वाशिंगटन का होगा. ट्रंप ने इजरायली मीडिया से कहा, “हम बात कर रहे हैं. मैं सही समय पर फैसला लूंगा, लेकिन हर बात का ध्यान रखा जाएगा.”
मुजतबा के सुप्रीम लीडर बनने पर अमेरिका में क्या कहा जा रहा है?
अमेरिकी सीनेटरों ने मुजतबा की ईरान के सुप्रीम लीडर के तौर पर नियुक्ति को लेकर जमकर आलोचना की. सीनेटरों का कहना है कि मोजतबा को सुप्रीम लीडर चुना जाना ईरान में वह बदलाव नहीं है, जिसकी हम उम्मीद कर रहे थे. सीनेटर लिंडसे ग्राहम का कहना है कि ईरान का मारे गए अली खामेनेई के बेटे को उनकी जगह चुनना वह बदलाव नहीं है जिसकी हम उम्मीद कर रहे हैं. दक्षिण कैरोलिना के रिपब्लिकन सीनेटर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "मेरा मानना है कि यह बस कुछ ही समय की बात है जब उनका भी वही हश्र होगा जो उनके पिता का हुआ था."
ग्राहम लंबे समय से ईरान पर हमले करने की वकालत करते रहे हैं. द वॉल स्ट्रीट जर्नल की पिछले हफ्ते आई रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को यह भी सलाह दी थी कि ट्रंप को कार्रवाई के लिए कैसे राजी किया जाए.
वहीं सीआईए के पूर्व डायरेक्टर डेविड पेट्रियस ने कहा कि ईरान के सुप्रीम लीडर के तौर पर मुजतबा खामेनेई की नियुक्ति दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने अमेरिकी मीडिया से कहा, “हम मानते हैं कि वह अपने पिता की तरह ही रहेंगे, जो बहुत कट्टर विचारधारा वाले मौलवी थे. मुझे नहीं लगता कि वह अयातुल्लाह भी हैं, जब तक कि उन्हें हाल ही में प्रमोट न किया गया हो. कई दशक पहले जब उनके पिता को चुना गया था, तब वह भी इतने मशहूर नहीं थे.”
इजरायली अधिकारियों की ओर से जारी इस बयान के बाद एक बात तो साफ है कि मुजतबा खामेनेई को ही उनके पिता की तरह टारगेट पर रखा जाएगा.
यह भी पढ़ें: ट्रंप ने कहा था- अनंतकाल तक युद्ध के लिए हैं हथियार, ये पूरा सच नहीं था
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं