विज्ञापन

भूकंप के बाद वेनेजुएला में भारत की बड़ी एंट्री, जानिए क्या है ऑपरेशन अमिस्ताद

वेनेजुएला में भूकंप की वजह से मरने वालों की संख्या 1,450 हो गई है. हालांकि यह आंकड़ा अभी कहीं अधिक जा सकता है.

भूकंप के बाद वेनेजुएला में भारत की बड़ी एंट्री, जानिए क्या है ऑपरेशन अमिस्ताद
Venezuela Earthquake News: वेनेजुएला पहुंची भारत की मदद (फोटो- ANI)

वेनेजुएला में आए दो शक्तिशाली भूकंपों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,450 हो गई है. जैसे-जैसे वक्त बीत रहा है, लापता हुए लोगों के बचने की उम्मीद कम होती जा रही है. मौतों का यह आंकड़ा तेजी से बढ़ सकता है. इस बीच भारत की मदद भी वेनेजुएला भी पहुंच चुकी है. ऑपरेशन अमिस्ताद के तहत 41 सदस्यों वाली टीम वेनेजुएला में तैनात हो चुकी है, जिसमें अनुभवी बचावकर्मी और मेडिकल पेशेवर शामिल हैं. यह टीम वेनेजुएला में फील्ड हॉस्पिटल यूनिट लगा चुकी है और मेडिकल मदद दे रही है. यह टीम मेडिकल प्रभावित इलाकों में खोज और बचाव कार्यों, आपातकालीन चिकित्सा सहायता और मानवीय राहत कार्यों के लिए वेनेजुएला के अधिकारियों के साथ मिलकर काम करेगी.

इससे पहले भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रविवार को बताया कि ‘ऑपरेशन अमिस्ताद' के तहत भूकंप प्रभावित वेनेजुएला भेजी गई राहत सामग्री, चिकित्सा उपकरण और एक फील्ड हॉस्पिटल की यूनिट वहां पहुंच गई है. उन्होंने कहा कि यह मानवीय सहायता वहां जारी राहत कार्यों को और मजबूत करेगी.

जयशंकर ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘वेनेजुएला तक भारत की मदद पहुंची. मुझे भरोसा है कि फील्ड हॉस्पिटल यूनिट, राहत सामग्री, दवाएं और मेडिकल उपकरण देश में भूकंप के बाद जारी राहत कार्यों को और मजबूत करेंगे.''

जयशंकर ने इसके साथ ही खेप की कुछ तस्वीरें भी साझा कीं. भारतीय वायुसेना ने भी ‘एक्स' पर एक पोस्ट में ‘ऑपरेशन अमिस्ताद' के बारे में जानकारी साझा की. इसने कहा, ‘‘तेजी, पहुंच और संवेदना के साथ कार्रवाई करते हुए, भारतीय वायुसेना के दो सी-17 ग्लोबमास्टर विमानों ने वेनेजुएला के लिए 23 घंटे की मुश्किल उड़ान पूरी की और दिल्ली से काराकस तक 14,000 किलोमीटर से ज्यादा की हवाई दूरी तय की.''

वायुसेना ने कहा कि 66 टन मानवीय सहायता लेकर विमान काराकस के माइक्वेटिया इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरा. इसने कहा कि इस सहायता में भारतीय सेना का फील्ड हॉस्पिटल, 35 टन से ज्यादा राहत सामग्री, दवाएं, चिकित्सा उपकरण और दो ‘भीष्म क्यूब' शामिल हैं. इसने कहा कि यह ‘‘जरूरत पड़ने पर अलग-अलग महाद्वीपों तक उम्मीद पहुंचाने की भारत की क्षमता को दिखाता है.''

भूकंप से प्रभावित वेनेजुएला को मानवीय सहायता देने के लिए भारत ने ‘ऑपरेशन अमिस्ताद' शुरू किया है. इसके तहत, राहत सामग्री और 41 सदस्यों वाली बचाव टीम को लेकर वायुसेना के दो सी-17 ग्लोबमास्टर विमान शुक्रवार को वहां जारी राहत और बचाव कार्यों में मदद के लिए रवाना हुए.

यह भी पढ़ें: वेनेजुएला भूकंप VIDEO- मौत की गोद में 3 रातें गुजार जिंदा निकला 11 साल का लड़का

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Venezuela, Venezuela Earthquake, Operation Amistad
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com