विज्ञापन

ईरान के खिलाफ ट्रंप की भाषा पर भड़के कई अमेरिकी सांसद, बोले- उन्हें माफी मांगनी चाहिए

अमेरिकी राष्ट्रपति की ईरान के खिलाफ आपत्तिजनक बयानबाजी पर कई अमेरिका सांसदों और नेताओं ने आलोचना की है. एक सांसद ने कहा कि ट्रंप अपना संतुलन खो बैठे हैं.

ईरान के खिलाफ ट्रंप की भाषा पर भड़के कई अमेरिकी सांसद, बोले- उन्हें माफी मांगनी चाहिए
  • अमेरिका ने ईरानी सीमा में घुसकर अपने लड़ाकू विमान के पायलट को रेस्क्यू ऑपरेशन के माध्यम से बचाया
  • अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए अभद्र भाषा में चेतावनी दी थी
  • कई अमेरिकी नेताओं ने ट्रंप की भाषा और बयानों की आलोचना करते हुए उन्हें संतुलन खो चुके बताया

मिडिल ईस्ट जंग के बीच अमेरिका ने ईरानी सीमा में घुसकर लड़ाकू विमान के अपने पायलट को रेस्क्यू किया. इस रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान को 48 घंटे का अल्टीमेटम भी दे डाला. ट्रंप ने ईरान के खिलाफ अपने सोशल मीडिया पोस्ट में अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया. इस भाषा के लिए ट्रंप की कई अमेरिका नेताओं ने ही आलोचना की है. एक अमेरिकी सांसद ने ट्रंप संतुलन खो बैठे हैं और पागल हो चुके हैं.

ट्रंप ने ईरान के खिलाफ अभद्र शब्दों का किया था इस्तेमाल

ट्रंप ने रविवार सुबह एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अगर होर्मुज स्ट्रेट को नहीं खोला गया, तो ईरान के पावर प्लांट और पुलों पर हमले किए जाएंगे. ट्रंप ने बेहद आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए ईरान को चेतावनी दी कि अगर जलमार्ग को समुद्री यातायात के लिए नहीं खोला गया, तो ईरान को नरक बना दिया जाएगा. उन्होंने ईरान के भीतर मार गिराए गए एक लड़ाकू विमान के चालक दल के लापता सदस्य को बचाने के लिए अमेरिकी सशस्त्र बलों द्वारा अभियान चलाए जाने के कुछ घंटे बाद यह पोस्ट साझा की.

पूर्व सांसद बोलीं- ट्रंप पागल हो गए हैं

रिपब्लिकन पार्टी की नेता और पूर्व सांसद मार्जोरी टेलर ग्रीन ने कहा कि राष्ट्रपति ‘पागल हो गए हैं'.' ग्रीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, ‘ईस्टर की सुबह राष्ट्रपति ट्रंप ने यह बयान पोस्ट किया.' उन्होंने कहा, ‘उनके प्रशासन में जो भी खुद को ईसाई बताता है, उसे घुटनों के बल बैठकर ईश्वर से माफी मांगनी चाहिए, राष्ट्रपति की पूजा करना बंद करना चाहिए और ट्रंप के इस पागलपन में हस्तक्षेप करना चाहिए.'

अन्य सांसदों और नेताओं ने भी की आलोचना 

डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता और सांसद टिम केन ने ट्रंप प्रशासन की इस बयानबाजी को शर्मनाक और बचकाना करार दिया. सीनेट की सशस्त्र सेवा और विदेश संबंध समितियों के सदस्य केन ने एनबीसी न्यूज से कहा, ‘व्हाइट हाउस कृपया ऐसी बयानबाजी कम करे. हालांकि मुझे राष्ट्रपति से इसकी उम्मीद नहीं है. ऐसे बयान देकर पायलटों जैसे लोगों को और अधिक खतरे में डालने की जरूरत नहीं है.'

डेमोक्रेटिक पार्टी की नेता और सांसद बेका बालिंट ने कहा, ‘यह घृणित है. हैरानी की बात है कि यह हमारे राष्ट्रपति हैं.' सांसद चक शूमर ने अमेरिका के राष्ट्रपति को‘संतुलन खो चुका पागल व्यक्ति तक कह दिया. शूमर ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘ईस्टर की शुभकामनाएं, अमेरिका. जब आप चर्च जा रहे हैं और दोस्तों-परिवार के साथ जश्न मना रहे हैं, तब अमेरिका के राष्ट्रपति संतुलन खो चुके पागल व्यक्ति की तरह सोशल मीडिया पर बकवास कर रहे हैं.'

डेमोक्रेटिक नेता क्रिस मर्फी ने कहा, ‘अगर मैं ट्रंप के मंत्रिमंडल में होता, तो मैं ईस्टर पर 25वें संशोधन के बारे में संवैधानिक वकीलों को फोन कर रहा होता. यह पूरी तरह दिमागी संतुलन खो देने की स्थिति है. वह पहले ही हजारों लोगों को मरवा चुके हैं. वह हजारों और लोगों को मरवाएंगे.' बता दें कि अमेरिका का 25वां संशोधन मंत्रिमंडल को यह अधिकार भी देता है कि वह राष्ट्रपति को उनके कर्तव्यों का निर्वहन करने में अक्षम घोषित करने के बाद उन्हें पद से हटा सके.

यह भी पढ़ें: ना पाषाण युग का खौफ, ना नरक बनने का डर, ट्रंप का फाइनल अल्टीमेटम भी बेअसर, अब कहां जाएगी जंग

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Donald Trump, Iran War, Hormuz Blockade, Hormuz Closed, Hormuz Chokepoint Crisis
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com