- अमेरिकी राष्ट्रपति की लोकप्रियता ईरान के खिलाफ युद्ध और महंगाई के कारण पिछले एक साल में सबसे कम हो गई है
- रॉयटर्स/इप्सोस के सर्वे में केवल 36 प्रतिशत अमेरिकी ट्रंप के कार्यकाल से संतुष्ट पाए गए हैं
- पेट्रोल और गैस की कीमतों में वृद्धि ने ट्रंप के प्रति जनता की नकारात्मक राय को बढ़ाया है
US Iran War and Donald Trump: अमेरिकी सेना को ईरान की जंग में उतारने का फैसला राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का महंगा पड़ता दिख रहा है. अमेरिकी जनता के बीच राष्ट्रपति ट्रंप की पॉपुलैरिटी तेजी ने नीचे चली गई है. डोनाल्ड ट्रंप लगभग एक साल पहले दूसरी बार राष्ट्रपति की कुर्सी पर लौटे थे. हाल ही के दिनों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग गिरकर पिछले एक साल के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है. इसका कारण अमेरिका में तेल-गैस की कीमतों में तेज बढ़ोतरी और ईरान के खिलाफ शुरू किए गए युद्ध को लेकर जनता में व्यापक असहमति बताया गया है. यह जानकारी रॉयटर्स/इप्सोस के एक सर्वे में सामने आई है.
नोट- अप्रूवल रेटिंग (Approval Rating) का अर्थ जनता द्वारा किसी राजनीतिक नेता या सरकार के काम-काज को दी गई स्वीकृति या लोकप्रियता का प्रतिशत है. मतलब 100 में से कितने लोग उस नेता या सरकार के काम से खुश हैं.
सर्वे में क्या पता चला है?
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार यह सर्व चार दिन तक चला और सोमवार को समाप्त हुआ. इसमें पाया गया कि केवल 36% अमेरिकी ट्रंप के कामकाज को अपनी मंजूरी देते हैं. यानी उससे संतुष्टि जताते हैं. जबकि पिछले सप्ताह किए गए रॉयटर्स/इप्सोस सर्वे में यह आंकड़ा 40% था. इस रिपोर्ट में लिखा है कि महंगाई की वजह से अमेरिकियों की राय ट्रंप के प्रति काफी नकारात्मक हो गई है, क्योंकि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर मिलकर हमले शुरू करने के बाद पेट्रोल की कीमतें तेजी से बढ़ गई हैं. केवल 25% लोगों ने जीवन-यापन की लागत से निपटने के ट्रंप के तरीके को मंजूरी दी है. यह वही मुद्दा था जिसके दम पर ट्रंप ने 2024 का राष्ट्रपति चुनाव लड़ा था.
ट्रंप के राष्ट्रपति पद के शुरुआती दिनों में उनकी अप्रूवल रेटिंग 47% थी और पिछले साल गर्मियों से यह लगभग 40% के आसपास बनी हुई थी.
युद्ध को लेकर चिंता
ईरान के साथ युद्ध उस राष्ट्रपति की लोकप्रियता को प्रभावित किया, जिन्होंने पद संभालते समय जनता से “मूर्खतापूर्ण युद्धों” से बचने का वादा किया था. सर्वे में पाया गया कि 35% अमेरिकी ईरान पर अमेरिकी हमलों को मंजूरी देते हैं, जो पिछले सप्ताह के रॉयटर्स/इप्सोस सर्वे में 37% था. वहीं 61% लोगों ने इन हमलों का विरोध किया, जबकि पिछले सप्ताह यह 59% था. यानी जंग के खिलाफ जनता की नाराजगी बढ़ रही है.
यह सर्वे ऑनलाइन और पूरे अमेरिका में किया गया है. इसमें अमेरिका के 1,272 वयस्कों से जवाब लिए गए हैं.
यह भी पढ़ें: युद्ध हो सकता है खत्म अगर ईरान ने मान लीं अमेरिका की 15 शर्तें, ट्रंप ने भेजा प्रस्ताव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं