विज्ञापन

इधर बातचीत- उधर हमले की तैयारी! अमेरिका ने अपने नागरिकों को तुरंत ईरान से निकलने को क्यों कहा

US Iran Military Tenison: अमेरिका की तरफ से जारी एडवाइजरी ने अमेरिकियों से कहा गया है कि वे अब ईरान छोड़ दें. ईरान छोड़ने की एक ऐसी योजना बनाएं जो अमेरिकी सरकार की मदद पर निर्भर न हो.

इधर बातचीत- उधर हमले की तैयारी! अमेरिका ने अपने नागरिकों को तुरंत ईरान से निकलने को क्यों कहा
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई
  • अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान को परमाणु वार्ता के लिए ओमान में बुलाया है लेकिन आक्रमण का संकेत भी दिया है
  • अमेरिका ने अपने नागरिकों को तुरंत ईरान छोड़ने की स्वतंत्र योजना बनाने की सलाह दी, कहा सरकार पर निर्भर न रहें
  • अमेरिका-ईरान के बीच शुक्रवार को ओमान में परमाणु वार्ता होने वाली है

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ईरान को लेकर क्या प्लान है? उन्हें छोड़कर इस सवाल का जवाब शायद ही किसी के पास हो. एक तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान को परमाणु वार्ता के लिए ओमान में बुला लिया है तो दूसरी तरफ वो अटैक का सिग्नल दे रहे हैं. दरअसल अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने अपने नागरिकों को चेतावनी दी है कि वो तुरंत ईरान छोड़ दें. ईरान के लिए अमेरिका के वर्चुअल दूतावास बने नई ट्रेवल एडवाइजरी जारी की है. इसमें ईरान में अमेरिकी नागरिकों से कहा गया है कि वे ईरान से निकलने के लिए ऐसी योजना तैयार करें जो अमेरिकी सरकार की मदद पर निर्भर न हो.

1979 की इस्लामिक क्रांति और तेहरान में अमेरिकी दूतावास के साथ हुए बंधक संकट के बाद से दोनों देशों के बीच दुश्मनी की स्थिति है. हालांकि ईरान में दिसंबर 2025 के अंत में जब बड़े पैमाने के आंदोलन शुरू हुआ तो ट्रंप ने धमकी दे दी कि अगर प्रदर्शनकारियों पर खूनी कार्रवाई हुई तो अमेरिका ईरान पर हमला कर देगा. उसके बाद से दोनों के बीच तनाव चरम पर है.

अमेरिका ने पहले ही मिडिल ईस्ट में हजारों सैनिकों और अपने जंगी जहाज के बड़े को भेज दिया है. ट्रंप ने कहा है कि मैंने ईरान की ओर अपने "आर्मडा" को भेजा है, जिसमें एक विमान वाहक पोत के साथ-साथ अन्य युद्धपोतों के साथ-साथ लड़ाकू जेट भी शामिल हैं. ट्रंप एक तरफ परमाणु वार्ता पर जोर दे रहे हैं तो दूसरी तरफ वो अपने नागरिकों को ईरान से निकाल भी रहे हैं. यह असमंजस में डाल कर रहा कि अमेरिका ईरान से बात करना चाहता है या हमला.

अमेरिका की नई ट्रेवल एडवाइजरी

अमेरिका की तरफ से जारी एडवाइजरी ने अमेरिकियों से कहा गया है कि वे अब ईरान छोड़ दें. ईरान छोड़ने की एक ऐसी योजना बनाएं जो अमेरिकी सरकार की मदद पर निर्भर न हो. यानी अपने दम पर ईरान से निकलने का प्लान बना लें. इसमें कहा गया है कि अमेरिकी नागरिक नागरिक जान लें कि ईरान में लगातार इंटरनेट बंद किया जा सकता है. इसलिए, उन्हें कम्युनिकेशन के लिए वैकल्पिक तैयारी करना चाहिए और यदि ऐसा करना सुरक्षित है, तो ईरान से जमीन के रास्ते आर्मेनिया या तुर्की जाने पर विचार करें. 

एडवाइजरी में कहा गया है फ्लाइट कैंसिल या उसमें रुकावट आने की संभव है. अपडेट के लिए सीधे अपनी एयरलाइंस से संपर्क करें. यदि आप नहीं जा सकते हैं, तो अपने घर या किसी अन्य सुरक्षित भवन के भीतर एक सुरक्षित स्थान ढूंढें. भोजन, पानी, दवाओं और अन्य आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई रखें. प्रदर्शनों में शामिल होने बचें, ज्यादा नजरों में नहीं आएं. आसपास क्या हो रहा है, इसको लेकर सचेत रहे.

अमेरिका ने अमेरिका-ईरान की दोहरी नागरिकता रखने वालों को ईरानी पासपोर्ट पर ईरान से बाहर निकलने की भी सलाह दी. इसमें कहा गया है कि ईरानी सरकार दोहरी राष्ट्रीयता को मान्यता नहीं देती है और अमेरिकी-ईरानी दोहरे नागरिकों को केवल ईरानी नागरिक मानेगी.

दूसरी तरफ ओमान में वार्ता

शुक्रवार को परमाणु वार्ता के लिए अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधि ओमान में मिलेंगे. ईरानी विदेश मंत्री इस परमाणु वार्ता के लिए गुरुवार देर रात ओमान पहुंच गए हैं, जबकि अमेरिका की तरफ से वार्ता में विशेष दूत स्टीव विटकॉफ भाग लेंगे. व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लीविट ने पुष्टि की है कि मुख्य दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर "बातचीत के लिए शुक्रवार को ओमान जाएंगे." 

ओमान ने पहले भी वाशिंगटन और तेहरान के बीच एक शांत कूटनीतिक चैनल के रूप में काम किया है, औपचारिक बातचीत कहीं और रुकने पर भी बैक-चैनल संपर्कों की मेजबानी या सुविधा प्रदान की है.

यह भी पढ़ें: परमाणु हथियार का इरादा छोड़ो या... खामेनेई के लिए अल्टीमेटम! आज ईरान और अमेरिका में सीधी बातचीत पर सबकी नजरें

लेखक के बारे में
img
Ashutosh Kumar Singh
Chief Sub Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Iran Military Tenison, Donald Trump, US Iran Crisis
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com