- स्विट्जरलैंड के बर्गेनस्टॉक रिजॉर्ट में अमेरिका-ईरान डील पर मुहर लगेगी, यह रिजॉर्ट 150 साल पुराना है
- यहीं पर 953 में भारत के पहले PM नेहरू अपनी बेटी इंदिरा गांधी के साथ महान फिल्म कलाकार चार्ली चैपलिन से मिले थे
- पूरे रिजॉर्ट में कुल 360 कमरे और सुइट हैं तथा यहां लगभग 700 कर्मचारी काम करते हैं
दुनिया की किस्मत बदलने वाले कई फैसले किसी संसद या सरकारी ऑफिस में नहीं, बल्कि पहाड़ों के बीच बसे एक शानदार रिजॉर्ट में हुए हैं. स्विट्जरलैंड की झील ल्यूसर्न के ऊपर स्थित बर्गेनस्टॉक रिजॉर्ट भी ऐसी ही जगह है. अब यही रिजॉर्ट अमेरिका-ईरान शांति समझौते पर हस्ताक्षर का गवाह बनने जा रहा है. इस समझौते पर मुहर के साथ अमेरिका-ईरान की चार महीने से चल रही जंग खत्म होगी और आगे परमाणु वार्ता का रास्ता खुलेगा. खास बात है कि यही वह जगह है जहां 1953 में भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू अपनी बेटी इंदिरा गांधी के साथ महान फिल्म कलाकार चार्ली चैपलिन से मिले थे. चलिए आपको बताते हैं इस रिजॉर्ट की कहानी और इतिहास. साथ ही बताएंगे यहां एक रात गुजारने का चार्ज.
नोट- स्विट्जरलैंड ने मंगलवार को बताया कि इस लक्जरी होटल को अमेरिका और ईरान के साथ-साथ उनके मध्यस्थ पाकिस्तान और कतर ने भी चुना है.
शांति वार्ताओं का गवाह
शुक्रवार, 19 जून को होने जा रहा हस्ताक्षर समारोह पहली बार नहीं होगा जब बर्गेनस्टॉक में दुनिया के बड़े मुद्दों पर चर्चा होगी. जून 2024 में 90 से अधिक देशों के नेता और सीनियर अधिकारी यहां दो दिन के सम्मेलन में जुटे थे. यह सम्मेलन रूस-यूक्रेन युद्ध का समाधान निकालने के लिए था. हालांकि युद्ध कैसे और कब खत्म होगा, इस पर कोई अंतिम फैसला नहीं हो पाया था.
यह रिजॉर्ट 1960, 1981 और 1995 में दुनिया के प्रभावशाली नेताओं और पॉलिसी मेकर्स की गुप्त बिल्डरबर्ग बैठकों की भी मेजबानी कर चुका है. 2002 में यहीं सूडान सरकार और प्रमुख विद्रोही समूह के बीच नूबा पर्वत क्षेत्र में छह महीने के सीजफायर पर सहमति बनी थी. इसी ने 2005 के शांति समझौते का रास्ता तैयार किया. इसके अलावा 2004 में UN के तब के महासचिव कोफी अन्नान की अध्यक्षता में साइप्रस को फिर से एक करने की योजना पर चार-पक्षीय वार्ता भी यहीं हुई थी, लेकिन कोई समझौता नहीं हो सका.

रिजॉर्ट स्विट्जरलैंड की खूबसूरत पहाड़ियों के बीच बसा है (फोटो- एएफपी)
चार्ली चैपलिन, नेहरू और जेम्स बॉन्ड
यह रिसॉर्ट 150 साल से अधिक समय से नेताओं, अमीर लोगों और मशहूर हस्तियों का स्वागत करता आ रहा है. 1953 में महान फिल्म कलाकार चार्ली चैपलिन यहीं भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से मिले थे. उस समय नेहरू की बेटी और भविष्य की प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी भी उनके साथ थीं.
हॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस ऑड्री हेपबर्न ने 1954 में यहीं अपने पहले पति मेल फेरर से शादी की थी. इटली की फेमस एक्ट्रेस सोफिया लोरेन का भी यहां एक शैले था. आज उसी जगह रिजॉर्ट का फारसी रेस्टोरेंट मौजूद है. डेनमार्क की रानी इंग्रिड भी यहां आने वाली प्रमुख हस्तियों में शामिल थीं.
बड़ी कमाल की है लोकेशन
मध्य स्विट्जरलैंड में ल्यूसर्न शहर से करीब 8 किलोमीटर दूर बर्गेनस्टॉक पर्वत है जो झील के बीचोंबीच ऊंचाई से दिखाई देता है. इस पहाड़ की चोटी समुद्र तल से 1,128 मीटर ऊपर है. पर्वत का उत्तरी हिस्सा लगभग 700 मीटर नीचे झील ल्यूसर्न तक सीधा उतरता है. बर्गेनस्टॉक रिजॉर्ट चोटी से नीचे एक पहाड़ी धार पर बना है और पानी की सतह से लगभग 450 मीटर ऊपर स्थित है.
रिजॉर्ट में होटल की चार मेन बिल्डिंग हैं. इनमें पुराने ऐतिहासिक भवनों से लेकर एकदम मॉडर्न इमारतें शामिल हैं. इसके अलावा यहां सात रेस्टोरेंट, कई विला और प्राइवेंट घर भी हैं.
अगर आप इस रिजॉर्ट में झील के व्यू के साथ शानदार रॉयल सुइट लेना चाहते हैं तो आपको एक रात का किराया करीब 24,550 अमेरिकी डॉलर (23 लाख रुपए से भी ज्यादा) तक हो सकता है. यहां के एक साधारण शैले कमरे का भी किराया 37 हजार रुपए का है.

इस रिजॉर्ट की सुरक्षा इसकी लोकेशन भी करती है (फोटो- एएफपी)
रिजॉर्ट के बारे में कुछ और बातें
- 1873 में यहां ग्रैंड होटल खोला गया था. 1903 में पैलेस होटल भी जोड़ा गया.
- पूरे रिजॉर्ट में कुल 360 कमरे और सुइट हैं तथा यहां लगभग 700 कर्मचारी काम करते हैं.
- यहां हैमेट्शवांड लिफ्ट लगी है जो यूरोप की सबसे ऊंची खुली लिफ्ट मानी जाती है. यह लोगों को 152 मीटर ऊपर पर्वत की चोटी तक पहुंचाती है.
- 2007 में कतर के स्वामित्व वाली कंपनी कतारा हॉस्पिटैलिटी ने इस रिजॉर्ट को खरीदा.
- अधिकांश मेहमान यहां घुमावदार पहाड़ी सड़क से पहुंचते हैं या फिर नाव लेकर आते हैं. इसके बाद 929 मीटर लंबी फ्यूनिक्युलर रेलवे उन्हें 434 मीटर ऊपर रिजॉर्ट तक पहुंचाती है.
- पर्वत के नीचे स्थित बुओक्स एयरपोर्ट है जहां प्राइवेट जेट और हेलीकॉप्टर भी उतर सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं