- अमेरिका के गृह सुरक्षा विभाग ने जश्नदीप सिंह को अपराधी और अवैध प्रवासी मानते हुए देश से बाहर किया है
- जश्नदीप सिंह पर यौन अपराध, सेंधमारी और चोरी जैसे गंभीर आरोप हैं
- अमेरिका ने जश्नदीप के साथ ग्वाटेमाला, मेक्सिको और चिली के चार अन्य विदेशी नागरिकों को भी निकाला है
अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप सरकार की कठोर प्रवासी नीति जारी है. इसी मुहिम के तहत एक भारतीय व्यक्ति को अमेरिका से बाहर कर दिया गया है. उसकी पहचान जश्नदीप सिंह के रूप में हुई है. अमेरिका के गृह सुरक्षा विभाग (DHS) ने जश्नदीप सिंह को 'भारत का अपराधी और अवैध प्रवासी' बताया है. विभाग का आरोप है कि उसका आपराधिक रिकॉर्ड है. उस पर यौन अपराध, सेंधमारी और चोरी जैसे मामलों का आरोप है.
DHS ने हाल ही में अमेरिका से निकाले गए विदेशी नागरिकों की एक सूची जारी की है. इन लोगों को पहले किसी न किसी अपराध में दोषी ठहराया गया था. विभाग के मुताबिक, जश्नदीप सिंह को 3 अगस्त को अमेरिका से बाहर किया गया. उसके साथ ग्वाटेमाला, मेक्सिको और चिली के चार अन्य लोगों को भी निकाला गया.
DHS ने जश्नदीप की उम्र, भारत में वह कहां का रहने वाला है या कहां रहता था, इसकी जानकारी नहीं दी है. यह भी नहीं बताया गया कि अमेरिका में उसका इमिग्रेशन स्टेटस क्या था या उसका अमेरिका में पहले का रिकॉर्ड क्या रहा है. विभाग ने जश्नदीप के खिलाफ मामले की पूरी जानकारी भी नहीं दी. यह भी नहीं बताया गया कि अमेरिका के इमिग्रेशन और कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) की हिरासत में उसे कितने समय तक रखा गया था.
जश्नदीप के साथ और किन लोगों को निकाला गया?
अमेरिका ने जश्नदीप सिंह के साथ चार और लोगों को देश से बाहर किया. इनमें ग्वाटेमाला के रैमोन ग्रेगोरियो हेरेरा-रुइज, मेक्सिको के जॉर्ज मार्टिनेज-गुरेरो और बर्टा मोंटानो जिमेनेज, और चिली के विलियम्स अलेजांद्रो कोर्टेस कॉन्ट्रेरास शामिल हैं.
DHS ने क्या कहा?
DHS के सचिव मार्कवेन मुलिन के मुताबिक, पिछले हफ्ते अमेरिका से निकाले गए लोगों में हत्या, शराब पीकर गाड़ी चलाने, यौन हमला और हथियारों की तस्करी जैसे अपराधों में दोषी लोग शामिल थे. उन्होंने एक बयान में कहा, “पिछले हफ्ते ही हमने हत्यारों, शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों, यौन अपराधियों और हथियारों के तस्करों को देश से बाहर किया. जब देश से बाहर भेजने की कार्रवाई बढ़ी है, तो यह कोई हैरानी की बात नहीं है कि पूरे देश में अपराध की दर ऐतिहासिक रूप से कम हुई है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में हम अमेरिका को फिर से सुरक्षित बना रहे हैं.”
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं