- अमेरिकी विमानवाहक पोत 280 दिनों से ज्यादा समुद्र में रहने के बाद थाईलैंड के पटाया में लंगर डाले हुए है
- पटाया के रिजॉर्ट शहर में शराब के नशे में दो अमेरिकी नाविकों के बीच झगड़ा हुआ, जिसे पुलिस ने मामूली घटना बताया
- झगड़े के बाद दोनों नाविकों को वापस जहाज पर भेज दिया गया और उनके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई
280 दिनों से ज्यादा समय तक समंदर में एक के बाद एक ऑपरेशन में तैनाती के बाद अमेरिकी नौसेना का जंगी जहाज- यूएसएस अब्राहम लिंकन इस समय थाईलैंड के मशहूर शहर पटाया में लंगर डाले बैठा है. उसपर सवार अमेरिकी सैनिक फुल पार्टी मोड में हैं. इस अमेरिकी विमानवाहक पोत के दो नाविक एक बार में शराब के नशे में आपस में ही झगड़ बैठे, जिसके बाद वापस उन्हें जहाज पर भेज दिया गया. न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार थाई पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.
पुलिस को गुरुवार तड़के पटाया के मशहूर नाइटलाइफ इलाके वॉकिंग स्ट्रीट के पास इन नाविकों के बीच हुए झगड़े की जानकारी मिली थी. पटाया के पुलिस प्रमुख कर्नल अनैक स्राथोंगयू ने एएफपी को बताया कि पुलिस को इसकी सूचना दी गई थी. उन्होंने कहा, “नाविक शराब के नशे में थे और आपस में लड़ रहे थे. वे काफी शोर कर रहे थे.”
उन्होंने कहा कि अमेरिकी नौसेना ने दोनों नाविकों को वापस उनके जहाज पर भेज दिया.
बता दें कि अमेरिकी विमानवाहक पोत यूएसएस अब्राहम लिंकन के थाईलैंड पहुंचने में दुनिया भर की मीडिया की दिलचस्पी रही है. इसका कारण जहाज पर 280 से ज्यादा दिन समुद्र में रहने के बाद वहां रहने की स्थिति खराब होने की खबरें भी हैं. इस जहाज के पहुंचने से पटाया भी चर्चा में आ गया है. पटाया विदेशी टूरिस्ट्स के बीच काफी लोकप्रिय पर्यटन शहर है. यह अपनी नाइटलाइफ के लिए भी जाना जाता है, जिसमें सेक्स टूरिज्म भी शामिल है.
जहाज के आने से पहले अधिकारियों ने सेक्स वर्कर्स के खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी. हालांकि पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इसका अमेरिकी जंगी जहाज के पटाया आने से कोई संबंध नहीं था. पुलिस प्रमुख ने एएफपी को बताया कि जंगी जहाज के पटाया में पहुंचने के बाद से अब तक कोई और बड़ी या खास घटना नहीं हुई है. इस रिपोर्ट के अनुसार पटाया की एक मसाज करने वाली महिला ने भी कहा कि इस बार का माहौल पहले यहां आए सैन्य जहाजों के मुकाबले ज्यादा शांत रहा है.
यह भी पढ़ें: थाईलैंड के तट पर पहुंचा अमेरिकी जंगी जहाज अब्राहम लिंकन, सेक्स वर्कर्स पर पड़ने लगी रेड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं