विज्ञापन

पीट हेगसेथ, जिसने ट्रंप से कहा- Let's do it और शुरू हो गई ईरान जंग; दागों से भरा है दामन, जानें कुंडली

ट्रंप ने कहा है कि ईरान पर हमले से पहले उन्होंने कई लोगों से बात की थी. इसमें अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने सबसे पहले कहा था कि चलो धावा बोलते हैं.

पीट हेगसेथ, जिसने ट्रंप से कहा- Let's do it और शुरू हो गई ईरान जंग; दागों से भरा है दामन, जानें कुंडली
  • ट्रंप ने कहा है कि ईरान अटैक से पहले रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने ही सबसे पहले कहा था, चलो हमला करते हैं
  • पीट हेगसेथ ने एक नहीं, दो बार यमन में सेना के ऑपरेशनल प्लान्स सोशल मीडिया ग्रुप में शेयर कर दिए थे
  • पीट हेगसेथ पर यौन उत्पीड़न, धार्मिक कट्टरपंथ और पूर्व पत्नी पर अत्याचार समेत कई गंभीर आरोप लग चुके हैं

अमेरिका ने ईरान पर हमला करने का फैसला क्यों किया? पहले खबरें आई थीं कि इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू के कथित दबाव में राष्ट्रपति ट्रंप ने ये कदम उठाया. बाद में ट्रंप ने खुद कहा कि इजरायल ने उन्हें जंग शुरू करने को नहीं कहा था. हो सकता है, उन्होंने ही इजरायल को मजबूर किया हो. अब ट्रंप ईरान से युद्ध शुरू करवाने के लिए अपने ही रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ (Pete Hegseth) पर कथित रूप से ठीकरा फोड़ते दिख रहे हैं. ये वही हेगसेथ हैं, जिनका इतिहास कई तरह के विवादों से घिरा रहा है. उन पर सोशल मीडिया ग्रुप में अमेरिकी सेना के हमले से जुड़े टॉप सीक्रेट प्लान शेयर करने के आरोप लग चुके हैं. इतना ही नहीं धार्मिक कट्टरपंथी होने, महिला के यौन उत्पीड़न, पूर्व पत्नी पर अत्याचार जैसे ही गंभीर आरोप भी उन पर मढ़े जा चुके हैं. 

ट्रंप ने ईरान युद्ध पर क्या कहा? 

राष्ट्रपति ट्रंप सोमवार की रात टेनिसी के मेम्फिस में एक राउंडटेबल के दौरान ईरान युद्ध से ठीक पहले की घटनाओं पर बात कर रहे थे. इस दौरान ट्रंप ने कहा कि ईरान पर हमला करने से पहले उन्होंने अमेरिका के वॉर मिनिस्टर पीट हेगसेथ, जॉइंट चीफ ऑफ स्टाफ जनरल डैन केन जैसे कई लोगों से बात की थी... और पीट हेगसेथ ही वो शख्स थे, जिसने सबसे पहले कहा था- लेट्स डू इट (चलो, धावा बोलते हैं.) क्योंकि हम ईरान को परमाणु हथियार संपन्न देश नहीं बनने दे सकते. ट्रंप ने हालांकि पीट हेगसेथ की तारीफ भी की. 

Latest and Breaking News on NDTV

    पीट हेगसेथ का विवादों से नाता

    सीएनएन ने सूत्रों के हवाले से दावा किया था कि पीट हेगसेथ ने मई 2019 में कई अमेरिकी सैनिकों को युद्ध अपराधों से बरी करने के लिए राष्ट्रपति ट्रंप को प्रेरित किया था. 

    जनवरी 2021 में नेशनल गार्ड मेंबर पीट हेगसेथ को उस वक्त राष्ट्रपति जो बाइडेन की सुरक्षा से हटा दिया गया था, जब उन्होंने अपने शरीर पर यरूशलम क्रॉस के टैटू को धार्मिक बताते हुए जायज ठहराया था. 

    पीट हेगसेथ के सेना से इस्तीफा देने के बाद, उनके कई साथियों ने मीडिया में उन्हें 'अंदरूनी खतरा' बताया था क्योंकि उन्होंने अपने दाएं हाथ पर श्वेत राष्ट्रवादियों का टैटू गुदवा रखा था.  

    अक्तूबर 2017 में कैलिफोर्निया में एक महिला ने पीट हेगसेथ के खिलाफ पुलिस में केस दर्ज कराया था. उनके ऊपर होटल रूम में महिला का यौन शोषण करने का आरोप था. हालांकि बाद में सबूतों का अभाव बताते हुए अटॉर्नी ऑफिस ने केस चलाने की मंजूरी नहीं दी थी. 

    न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अप्रैल 2018 में मां पेनेलपी ने पीट हेगसेथ पर अपनी पूर्व पत्नी सामंथा और अन्य महिलाओं से दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था. हालांकि बाद में पलट गई थीं. 

    राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल में पीट हेगसेथ को 12 नवंबर 2024 को रक्षा मंत्री नॉमिनेट किया था. सीनेट में पुष्टि के लिए सुनवाई के दौरान पीट हेगसेथ की अत्यधिक शराब पीने, यौन हमला करने जैसे आरोपों पर भी सवाल उठाए गए थे. महज 1 वोट से उन्हें रक्षा मंत्री चुना गया था. 

    आरोप लगते हैं कि पीट हेगसेथ ने मार्च 2024 में गलती से एक सिग्नल ग्रुप पर चैटिंग के दौरान यमन में सेना के हमले की बेहद गोपनीय जानकारियां और ऑपरेशनल प्लान पोस्ट कर दिया था. इसके अगले महीने उन्होंने यमन में हूती विद्रोहियों के खिलाफ ऑपरेशन की प्लान भी एक अन्य ग्रुप में शेयर कर दिए थे. 

    पीट हेगसेथ अमेरिकी सेना में महिलाओं को युद्धक भूमिका दिए जाने के भी खिलाफ रहे हैं. एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि सेना में महिला और पुरुषों का एकसाथ काम करना हालात को कॉम्पिलकेटेड (मुश्किल) बना देता है. 

    ये भी देखें-

    ईरान की सुरक्षा की कमान अब जोलकद्र के हाथों में, जानें कौन है अली लारिजानी का ये वारिस

    मिडिल ईस्ट संकट के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी को किया फोन, होर्मुज पर हुई बात

    लेखक के बारे में
    img
    मनोज शर्मा
    मनोज शर्मा
    पूरी स्टोरी पढ़ें

    NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

    फॉलो करे:
    Pete Hegseth, Pete Hegseth Donald Trump, Pete Hegseth Iran War
    Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com