अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी का विवाद अब शांत होता दिख रहा है. तुर्की में आयोजित नाटो शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे डोनाल्ड ट्रंप ने मेलोनी के साथ अपने रिश्तों पर एक बार फिर बात की है, लेकिन इस बार उनके तेवर बदले-बदले नजर आए. ट्रंप ने मेलोनी को एक अच्छी इंसान बताया है.
यह पूरा विवाद तब और बढ़ गया था जब ट्रंप ने दावा किया था कि पिछले महीने हुए जी-7 (G7) शिखर सम्मेलन में मेलोनी ने उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए मिन्नतें की थीं. इसके बाद दोनों देशों के कूटनीतिक रिश्तों में भारी तनाव आ गया था.
...तो इस वजह से बिगड़ी थी बात
तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप एर्दोगन के साथ अंकारा में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब ट्रंप से मेलोनी के खिलाफ उनकी सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने स्थिति को संभालने की कोशिश की.
ट्रंप ने कहा, "ओह, मुझे नहीं पता. मुझे लगता है कि वह एक अच्छी इंसान हैं. हमारे बीच अच्छे संबंध रहे हैं, लेकिन रिश्ते थोड़े इसलिए खराब हो गए क्योंकि उन्होंने हमारी मदद करने से इनकार कर दिया था. मैंने उन पर कोई बहुत भारी दबाव नहीं डाला था, लेकिन उन्होंने ईरान के मामले में शामिल होने से मना कर दिया. आप अंदाजा लगा सकते हैं कि मैं इस बात से खुश नहीं था."
Trump on Italy's Meloni:
— Clash Report (@clashreport) July 7, 2026
I think she is a nice person, actually.
Our relationship became a little bad because she refused to help us with Iran.
It soured my relationship with her a little bit, but I like her. pic.twitter.com/peNqD9maJO
'रिस्ट्रैनिंग ऑर्डर' वाली पोस्ट से भड़का था विवाद
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस से ठीक पहले ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर एक तस्वीर शेयर की थी. इस तस्वीर ने आग में घी डालने का काम किया. इस तस्वीर के कैप्शन में लिखा था, "रिस्ट्रैनिंग ऑर्डर की जरूरत है."
साझा की गई तस्वीर में डोनाल्ड ट्रंप आगे खड़े दिखाई दे रहे हैं और इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी उनके पीछे खड़े होकर मुस्कुराते हुए उन्हें देख रही हैं. इस पोस्ट के जरिए यह दिखाने की कोशिश की गई थी कि मेलोनी, ट्रंप में बहुत ज्यादा दिलचस्पी ले रही हैं और उनके पीछे पड़ी हैं. इस पोस्ट के बाद इटली की तरफ से बेहद तीखी प्रतिक्रिया आई थी.
कैसे शुरू हुआ था दोनों नेताओं के बीच यह 'फोटो विवाद'?
इस पूरे विवाद की जड़ें फ्रांस में हुए जी-7 शिखर सम्मेलन से जुड़ी हैं. वहां से लौटने के बाद ट्रंप ने एक इतालवी पत्रकार से बातचीत में दावा किया था कि मेलोनी ने उनके साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए उनसे मिन्नतें की थीं.
विवाद यहीं नहीं रुका, मेलोनी के पलटवार के बाद ट्रंप ने एक और बयान दे दिया कि मेलोनी अमेरिका के साथ संबंधों का दिखावा करके इटली में अपनी गिरती लोकप्रियता को बचाने की कोशिश कर रही हैं.
यह भी पढ़ें: मुफ्त का चंदा नहीं, धंधा है ट्रंप की ये नई डील; अफ्रीकी देशों ने कहा- हमें नहीं चाहिए ऐसी खैरात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं