विज्ञापन
This Article is From Feb 02, 2018

सुषमा ने नेपाल में राजनीतिक स्थिरता के लिए भारत के सहयोग का आश्वासन दिया

सुषमा ने सीपीएन-माओइस्ट सेंटर के अध्यक्ष प्रचंड के साथ बातचीत में यह बयान दिया.

सुषमा ने नेपाल में राजनीतिक स्थिरता के लिए भारत के सहयोग का आश्वासन दिया
विदेशमंत्री सुषमा स्वराज.
काठमांडो: विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने नेपाल में संसदीय और प्रांतीय चुनावों के सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद पड़ोसी देश के राजनीतिक स्थिरता पाने और विकास की दिशा में चल रहे प्रयासों में भारत की ओर से सहयोग का आश्वासन दिया.  सुषमा ने सीपीएन-माओइस्ट सेंटर के अध्यक्ष प्रचंड के साथ बातचीत में यह बयान दिया. दो दिन की यात्रा पर कल यहां पहुंचीं सुषमा ने कहा, ‘‘हम राजनीतिक स्थिरता पाने और विकास के लिए नेपाल को पूरी तरह सहयोग देंगे.’’ 

दोनों नेताओं ने आज सुबह होटल सोलटी क्राउन प्लाजा में नाश्ते पर मुलाकात की. प्रचंड ने कहा, ‘‘हमने चुनाव संपन्न होने और नयी सरकार के गठन की तैयारी के बाद उभर रहे हालात पर चर्चा की.’’ 

उनकी पार्टी ने हाल ही में नेपाल में हुए चुनावों में सीपीएन-यूएमएल के साथ वाम गठजोड़ बनाया था. प्रचंड ने कहा, ‘‘मैंने सुषमा स्वराज से कहा कि हम राजनीतिक स्थिरता और विकास चाहते हैं जिसके लिए हमें पड़ोसी देशों से सहयोग की जरूरत है. 

सुषमा ने आश्वस्त किया कि भारत राजनीतिक स्थिरता और विकास के लिए नेपाल के प्रयासों में उसे पूरा सहयोग देगा.’’  माओवादी नेता ने कहा कि सुषमा नेपाल में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम के बारे में जानने को उत्सुक थीं.

उन्होंने कहा, ‘‘हमने बहुत सकारात्मक और रचनात्मक बातचीत की. उन्होंने हाल ही में संपन्न हुए चुनावों में जीत हासिल करने पर वाम गठबंधन को बधाई भी दी.’’ सुषमा ने राष्ट्रपति विद्या भंडारी से भी मुलाकात की. वह आज प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा से भी मुलाकात करेंगी और दिल्ली रवाना होने से पहले दूसरे नेताओं से भी मिलेंगी.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sushma Swaraj
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com