विज्ञापन
This Article is From Jun 19, 2014

पाकिस्तान में बंदूकधारियों ने गायिका को मार डाला

पेशावर:

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की राजधानी पेशावर में अज्ञात बंदूकधारियों ने एक लोकप्रिय पश्तो गायिका को मार डाला।

शहर के संपन्न इलाके गुलबर्ग में 38 वर्षीय गुलनार उर्फ मुस्कान को चार बंदूकधारियों ने निशाना बनाया।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि शाम को चारों बंदूकधारियों ने गायिका के घर में घुसकर उसकी हत्या कर दी।

उन्होंने कहा, हम हत्या की जांच कर रहे हैं और अभी हत्या की मंशा के बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। गुलनार मूल रूप से खैबर पख्तूनख्वा के मरदान जिले के परहोती इलाके की निवासी थीं और बाद में पेशावर में रहने लगीं। उनकी तीन शादियां हुई थीं और उनका कोई निजी विवाद भी चल रहा था।

खैबर पख्तूनख्वा में अक्सर तालिबानी लड़ाकों द्वारा कलाकारों पर हमला किया जाता रहा है। कई बार उनके परिवार के लोगों को भी वे निशाना बनाते रहे हैं।

लोकप्रिय गायिका गजला जावेद (24) को 2012 में पेशावर में उनके पिता के साथ मार दिया गया था। पहले ये माना जा रहा था कि उन्हें भी तालिबानी लड़ाकों ने ही मारा है, लेकिन दिसंबर 2013 में स्थानीय अदालत ने इसके पीछे उनके पति को दोषी पाया और मौत की सजा सुनाई।

तालिबान नृत्य-संगीत को इस्लाम के खिलाफ मानता है और अक्सर प्रांत में संगीत सामग्री रखने वाली दुकानों पर हमला किया जाता रहता है तथा गायकों से गाना नहीं गाने को कहा जाता है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
पाकिस्तान, गायिका की हत्या, पश्तो गायिका की हत्या, गुलनार, Pakistan, Singer Gulnar Shot Dead, Singer Gulnar, Pakistan Singer
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com