विज्ञापन

LIVE शो में अचानक बेहोश हो गया शख्स, बेकाबू सांड ने हवा में उछालकर नीचे गिराया, पीठ पर 8 बार कूदा

न्यूयॉर्क के ब्रोंक्स में एक रोडियो इवेंट के दौरान रोंगटे खड़े करने वाला हादसा हो गया. 25 साल के एक बुल राइडर को बेकाबू सांड ने बुरी तरह कुचल दिया. लहूलुहान राइडर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस हादसे का वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर वायरल है.

LIVE शो में अचानक बेहोश हो गया शख्स, बेकाबू सांड ने हवा में उछालकर नीचे गिराया, पीठ पर 8 बार कूदा
न्यूयॉर्क में रोंगटे खड़े करने वाला हादसा: बेकाबू सांड ने 25 साल के राइडर को कुचला, घसीटा; हालत स्थिर
Twitter

World News: न्यूयॉर्क सिटी के ब्रोंक्स इलाके से एक ऐसा खौफनाक वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं. सोमवार को यहां चल रहे एक रोडियो इवेंट में खेल तब जानलेवा बन गया, जब एक बेकाबू सांड ने 25 साल के राइडर को अपनी पीठ से नीचे पटक दिया. सांड इतने गुस्से में था कि उसने राइडर को सरेआम मिट्टी में बुरी तरह कुचला और घसीटा. इस हादसे में राइडर बुरी तरह लहूलुहान हो गया. गनीमत रही कि वक्त रहते उसे अस्पताल पहुंचा दिया गया, जहां डॉक्टर की देखरेख में उसका इलाज अब भी जारी है.

हवा में उड़ी टोपी, उछालता रहा सांड

यह डरावनी घटना बेचेस्टर के ब्रूनर एवेन्यू में एक मान्यता प्राप्त इवेंट के दौरान हुई. 'द पोस्ट' को मिले घटना के वीडियो में साफ दिख रहा है कि सांड की सवारी कर रहा राइडर अचानक उसकी पीठ पर ही बेहोश हो जाता है. माना जा रहा है कि उछल-कूद के दौरान उसके सिर पर गहरी चोट लगी थी. इसके बाद जो हुआ, वो रूह कंपाने वाला था. राइडर की टोपी हवा में उड़ जाती है, उसके दोनों हाथ बेजान होकर लटक जाते हैं और वो ताकतवर सांड उसे अपनी पीठ पर किसी बेजान गुड़िया की तरह उछालता रहता है. कुछ ही सेकंड बाद सांड अपनी पिछली टांगें हवा में उठाता है और राइडर को झटके से जमीन पर पटक देता है.

रकाब में फंसा पैर, घिसटता रहा बेसुध राइडर

जमीन पर गिरने के बाद बेकाबू सांड राइड की ऊपर 8 बार कूदता है. उसका एक पैर रकाब में ही अटका रह गया. बेसुध राइडर उस खतरनाक सांड के ठीक नीचे फंस गया. इसके बाद सांड ने उसे मिट्टी में बुरी तरह घसीटना और कुचलना शुरू कर दिया. ये दिल दहला देने वाला मंजर देखकर वहां मौजूद दर्शकों की चीखें निकल गईं. राइडर को बचाने के लिए इवेंट के कई आयोजक अपनी जान पर खेलकर बाड़े के अंदर कूद पड़े. सांड लगातार गोल-गोल घूम रहा था और राइडर पर लातें बरसा रहा था. बड़ी मुश्किल से कुछ लोगों ने राइडर का पैर छुड़ाया और उसे उठाकर बाड़े से बाहर लाए. बाहर लाने के बाद कुछ लोग उसे होश में लाने के लिए उसके चेहरे के सामने पंखे से हवा करते नजर आए.

दोस्त का छलका दर्द- 'उसे काफी गहरी चोट लगी है'

इस दर्दनाक हादसे के वक्त वहां घायल राइडर का दोस्त और साथी बुल राइडर गाटो (Gato) भी मौजूद था. उसने घटना के बाद 'द पोस्ट' को बताया, 'मेरे दोस्त को बहुत गहरी चोट लगी है. वह सांड पर अपना काम ठीक से कर रहा था, लेकिन तभी वह सांड के गोल-गोल घूमने में फंस गया. उसे ऊपर चोट लगी, फिर वह नीचे गिरा, कुचला गया और बेहोश हो गया. बस उम्मीद है कि वह जल्दी ठीक हो जाएगा.'

चीख रहे थे बच्चे, चश्मदीद बोला- 'ये खेल ही ऐसा है'

रोडियो देखने आए ओसवाल्डो सांचेज नाम के एक दर्शक ने बताया कि यह नजारा सच में डराने वाला था. वहां कई छोटे बच्चे भी मौजूद थे, जो इस खून-खराबे को अपनी आंखों के सामने देखकर बुरी तरह सहम गए थे. हालांकि, सांचेज को ऐसे शोज देखने की पुरानी आदत है. उन्होंने बताया, 'मुझे इन सब का अनुभव है, इसलिए मुझे ज्यादा अजीब नहीं लगा और मैंने बिल्कुल पास से इस पूरे हादसे का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया.' सांचेज का मानना है कि सांड की सवारी वाले इस खेल में जान और चोट का जोखिम तो हमेशा बना ही रहता है.

ये भी पढ़ें:- चीन का नया कमाल, बिना बिजली समंदर का खारा पानी होगा मीठा; खर्च बोतलबंद पानी से भी कम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bull Attack News, Viral Video, New York Accident, Bull Accident, World News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com